देहरादून: भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस ने निंदा की। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में वरिष्ठ मंत्री गणेश जोशी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं पर अमर्यादित टिप्पणी की है, जिसकी वह निंदा करते हैं।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि सत्ता के मद में चूर भाजपा नेताओं की एक महिला के प्रति की गई, इस प्रकार की अभद्र भाषा से बीजेपी का दोगला स्तर उजागर होता है। वहीं प्रदेश महिला कांग्रेस ने मंत्री गणेश जोशी का पुतला फूंककर विरोध जताया।
शनिवार को प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का पुतला फूंका। राजधानी देहरादून के एस्लेहॉल चौक में कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मंत्री का पुतला दहन कर रोष जताया गया।
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री गणेश जोशी एक सैनिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति हैं जिनसे यह अपेक्षा कतई नहीं की जा सकती है कि वे एक महिला का अपमान करें। उन्होंने कहा देश की सेवा और भारतीय राजनीति में गांधी परिवार का लंबा इतिहास है।