दो समुदायों के बीच चले ईंट पत्थर
*
✍️वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश शर्मा जी की खास रिपोर्ट
पुलिस बल ने उपद्रवियों को खदेड़ा*
प्रदर्शनी में सेल्फी लेने पर हुआ था विवाद
21 नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कन्नौज । उत्तरप्रदेश। 21 मई। भाषा। कन्नौज सदर कोतवाली क्षेत्र के मकरंद स्थित एस बी एस इण्टर कॉलेज के खेल के मैदान में प्रदर्शनी लगी हुई है। शुक्रवार की देर रात प्रदर्शनी में कुछ युवक अपने मोबाइल पर सेल्फी ले रहे थे। सेल्फी में एक युवती की फोटो आ जाने पर दूसरे समुदाय के युवकों ने आपत्ति जताई तो दूसरे समुदाय के लोगो के पक्ष में दर्जनों लोग लाठी डंडा लेकर पहुंच गए और कहासुनी के बाद लाठी डंडे और ईंट पत्थर चलने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार कई राउंड फायरिंग भी की गई। पथराव और फायरिंग की सूचना पर पुलिस व पीएसी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पथराव करने वालों के यहा दबिशे दी लेकिन कोई मौके पर नहीं मिला। घटना स्थल पर पीएसी बल और पुलिस को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने आज सुबह पुलिस बल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया।
घटनाक्रम के अनुसार बताते हैं कि नुमाइश देखने आई एक लड़की के साथ चिरैयागंज के कुछ युवकों ने अभद्रता कर दी जिसका वहा मौजूद लोगो ने विरोध किया। उनके संग मारपीट हो गई जिसके बाद पथराव और फायरिंग शुरू हों गई। प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार करीब आठ राउंड फायरिंग की गई। अपर पुलिस अधीक्षक डा अरविन्द कुमार ने मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रित किया। पथराव करने वालों के घरों पर दबिश दी गई लेकिन मौके पर कोई नहीं मिला। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया जहां सबका डाक्टरी परीक्षण किया गया।
एस बी एस इन्टर कालेज से लेकर राज श्री टाकीज तक कई बार अराजक तत्व अराजकता फैलाने का प्रयास करते रहे हैं। कई बार छोटी बड़ी घटनाएं इससे पूर्व हो चुकी है लेकिन प्रभावी कार्यवाही न होने के कारण अराजकतत्वो के हौसले बुलंद हैं और वह न केवल खुलेआम ईंट पत्थर चलाते हैं और फायरिंग कर अराजकता फैलाते हैं। कई बार माहौल खराब करने की कोशिश की गई। उसी की पुनरावृत्ति फिर कल देर रात की गई।
चिरैयागंज में हुए पथराव और फायरिंग के मामले में पुलिस ने घायल पक्ष की तहरीर पर 21 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले को लेकर जांच कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा का कहना है कि देर रात हुए विवाद में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।दोपहर आई जी प्रशात कुमार ने घटना स्थल का जायजा लेकर जानकारी ली।