भाजपा की जीत पर कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ व रामपुर में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत पर आज समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण के कार्यालय पर जश्न मनाया गया। भाजपा के युवा नेता विष्णु कुमार शुक्ला बिब्बी ने सभी का मुंह मीठा कराया और कहा कि देश और प्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं के कारण जनता पूरी तरह भाजपा के साथ है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास की नई इबारत लिख रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी और कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में भाजपा दिन प्रतिदिन मजबूत होती जा रही है। इस उपचुनाव में आजमगढ़ और रामपुर जो सपा के गढ़ कहे जाते थे वह भी ढह गए हैं।