मूर्ति विसर्जन के लिए चेयरमैन व उप जिलाधिकारी सदर राकेश त्यागी ने जगह का किया निरीक्षण
कन्नौज। उप जिलाधिकारी सदर राकेश त्यागी व नगर पालिका के अध्यक्ष शैलेंद्र अग्निहोत्री वंदेमातरम ने नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी नीलम चौधरी के साथ अलियापुर घाट का निरीक्षण किया। जहां पर नगर पालिका द्वारा गढ्ढा खुदवाकर गणेश मूर्तियों के विसर्जन की व्यवस्था की गई है। गत कई वर्षों से पालिकाध्यक्ष वंदे मातरम के प्रयासों से ग्राम अलियापुर में कृत्रिम गढ्ढा खोदकर स्थापित मूर्तियों के विसर्जन व्यवस्था की जाती है यहां पर पुलिस की भी विशेष व्यावथा रहती है।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि गणेश विसर्जन यात्रा के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। संवेदनशील जगहों को चिन्हित कर लिया गया है जहां भारी पुलिस बल को तैनात किया जाएगा। कहीं पर भी गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। कन्नौज में दो बार धार्मिक जुलूसों पर हमला करके शांति व्यवस्था को भंग किया गया था। जिसके कारण इस बार पुलिस प्रशासन ने कड़ा बंदोबस्त किया है। महिला व पुरुष पुलिस कर्मियों सहित होमगार्डों को भी तैनात किया जायेगा। लाखन तिराहे पर विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा।