साईकिल यात्रा निकाल नशे के विरुद्ध जागरूक किया,
प्रयास संस्था का उद्देश्य नशा मुक्त हरियाणा : डॉ. अशोक कुमार।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 94161- 91877
कुरुक्षेत्र :- प्रयास संस्था द्वारा कुरुक्षेत्र के कलसा गांव में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जाकर विद्यार्थियों को नशे के प्रति जागरूक किया। जागरूकता अभियान के पश्चात विद्यार्थियों संग साईकिल यात्रा भी निकाली गई। खंड शिक्षा अधिकारी विरेन्द्र गर्ग ने प्रयास संस्था के पदाधिकारियों का अभिनंदन और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज यह सर्वाधिक ज्वलंत विषय है। प्रयास संस्था शाखा कुरुक्षेत्र के कार्यकारी प्रधान एवं हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रयास संस्था कुरुक्षेत्र जिले में 35 जागरूकता अभियान, कार्यशाला और पद यात्रा निकाल चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य हरियाणा राज्य को नशा मुक्त करने का है और वे इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए दिन रात लगे हुए हैं। चूंकि कलसा गांव पंजाब की सीमा के बिल्कुल पास है और यहां पर अत्यधिक जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को माता पिता और गुरु जनों का सत्कार करने की शिक्षा देते हुए कहा कि सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन भी करना चाहिए। प्रयास संस्था के उप प्रधान एवं प्रेरणा समिति हरियाणा के सदस्य दुष्यंत शर्मा की अध्यक्षता में विद्यालय के प्रांगण में दो पौधे भी रोपित किए गए। अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों को साथ लेकर उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने गांव में नशे के विरुद्ध साईकिल यात्रा निकाली और लोगों को जागरूक किया। वे सभी नशे के विरुद्ध बने स्लोगन बोल रहे थे। प्राध्यापक मुकेश शर्मा ने मंच का संचालन करते हुए विद्यार्थियों को बताया कि पुलिस उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा उत्तर हरियाणा में नशे के विरुद्ध लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इस अवसर पर मंझाडा के सरपंच संजीव कुमार, राम कुमार, प्रीतम पाल, गौरव गोतम, संजीव शास्त्री, लोकेश राणा, रीना और सोनिया आदि उपस्थित रहे।