सांसद नायब सैनी व विधायक सुभाष सुधा ने आयुष विवि के वार्षिक वॉल कैलेंडर का किया विमोचन।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877
कुरुक्षेत्र : लोकसभा सांसद नायब सैनी और विधायक सुभाष सुधा द्वारा वीरवार को श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय के वार्षिक वाल कैलेंडर को जनता को समर्पित किया गया। श्रीकृष्णा आयुष विश्वविद्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित कैलेंडर व डायरी विमोचन कार्यक्रम में सांसद नायब सैनी ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों और गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को नव वर्ष की बधाई दी और कहा कि कोविड-19 महामारी की लड़ाई में आयुष विश्वविद्यालय द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई थी। वॉर रूम बनाकर जहां कोरोना बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इसके साथ ही ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निशुल्क दवाइयां वितरित की गई। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद में बीमारियों को जड़ से खत्म करने की क्षमता है। आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति निरंतर विकसित हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री मनोहर लाल लगातार इस दिशा में कार्य कर रहे हैं। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय बनने का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा पहली ग्रांट भी जारी कर दी गई है। यहां पर बच्चों को आयुर्वेदिक शिक्षा के साथ-साथ एक रिसर्च सेंटर भी स्थापित किया गया है। जिसके बेहतर नतीजे जल्द ही देखने को मिलेंगे। गौरतलब है वार्षिक कैलेंडर में जनवरी से लेकर दिसंबर तक का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया है इसके अतिरिक्त आयुष विवि की गतिविधियों के चित्र इसमें समाहित है। वाल कैलेंडर में प्रदेश सरकार तथा आयुष विवि की सभी छुट्टियों का विवरण जारी किया गया है, इसके साथ-साथ कैलेंडर में भारतीय संस्कृति के अनुसार पंचांग तिथियों का ब्यौरा भी दिया गया है। इस अवसर पर आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बलदेव कुमार ने सभी गणमान्य अतिथियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए, सभी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु प्राप्ति की कामना की। उन्होंने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। पहले की भांति इस बार भी आयुष परिवार ने कोविड-19 से लड़ने के लिए कमर कसी हुई है। किसी भी विपदा में आयुष विश्वविद्यालय का समस्त स्टाफ सबसे आगे खड़ा होगा। कुलसचिव डॉ. नरेश भार्गव ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद प्रकट किया। इस अवसर पर शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता डॉ. शंभू दयाल, डीन ऑफ कॉलेज डॉ. विदुषी त्यागी, प्राचार्य डॉ. देवेंद्र खुराना, डॉ. आशीष मेहता, डॉ. राजेंद्र चौधरी, डॉ. जीतेश कुमार पांडा, डॉ. रवि राज और कर्नल एस.एन शर्मा मौजूद रहे।