धर्म और कुल देवी देवताओं की पहचान जरूरी : महंत राजेंद्र पुरी।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877
अभिभावकों की जिम्मेवारी बनती है कि अपनी संतान को धर्म और पूर्वजों के बारे बताएं।
कुरुक्षेत्र, 18 जनवरी : जग ज्योति दरबार के महंत राजेंद्र पुरी ने धर्म प्रचार के कार्यक्रम के अंतर्गत थानेसर एवं लाड़वा के दर्जनों गांवों में सत्संग किया तथा श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने सत्संग में श्रद्धालुओं को धर्म और संस्कृति ज्ञान के साथ-साथ 2024 में होने वाले चुनावों में जग ज्योति दरबार की रणनीति बारे में भी अवगत करवाया। महंत ने सत्संग करते हुए कहा कि हमारे हिन्दू समाज के हर इंसान को आज जरूरत है अपने रीति रिवाज, पूजा की विधि, कुल देवी देवताओं और पितृ देवताओं को पहचाने। साथ ही उनकी विधि विधान से पूजा करे एवं उन्हें याद करे। उन्होंने कहा कि आधुनिकता का नकाब पहन कर हम अपने सनातन धर्म को भूल रहे हैं, लोक दिखावे और ऐशो आराम का जीवन जीने की चाह में भगवान को भी भुला बैठे हैं। महंत ने कहा कि आधुनिक होना बुरा नहीं है परंतु अपने कुल देवी देवता और पितृ देवताओं को याद न करना सबसे बड़ी भूल है। उन्होंने कहा कि माता-पिता की जिम्मेवारी बनती है कि अपनी संतान को धर्म और पूर्वजों के बारे बताएं। उनकी महत्ता और पूजा करना सिखाएं। वर्तमान पीढ़ी और आने वाली औलाद जब तक खुद की पहचान नहीं कर पाएंगी, तब तक अपने-पराए की, परिवार-रिश्तेदारों की नहीं कद्र कर सकेंगे और न समझ सकेंगे। महंत ने दुःख जाहिर करते हुए कहा कि समाज में छोटी आयु में नौजवान पीढ़ी को दिल के दौरे पड़ने से मौत हो रही है। यह बड़ी भयंकर बीमारी लग रही है। यह सब हमारे खान-पान का नतीजा है। आज के युग में भोजन का महत्व है, जिसकी हमें पहचान ही नहीं रही कि खाना क्या चाहिए। आज छोटा हो या बड़ा, हर इंसान आधुनिकता की देन फास्ट फूड, मैदा से बने भोजन को ज्यादा पसंद करता है। महंत ने अपील की कि हमें अपना खान-पान सुधारना चाहिए। दिन में एक बार खाने में अचार का उपयोग करें, सर्दियों के मौसम में कोशिश करें मक्की और बाजरे की रोटी का सेवन ज्यादा से ज्यादा से करें। महंत ने अपने सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं को कहा कि धर्म के साथ हमें खुद का ख्याल रखना है। तन, मन, धन से खुद को मजबूत रखना है। क्योंकि आने वाले 2024 लोकसभा चुनाव में जग ज्योति दरबार पूरी तरह सक्रिय रहेगा। धर्म और सनातन की बात करने वाली, हिंदुत्व की बात करने वाली पार्टी का जग ज्योति दरबार हमेशा साथ देगा। कुरुक्षेत्र एक पवित्र भूमि है, धर्म युद्ध की भूमि है, जरूरत पड़ने पर जग ज्योति दरबार धर्म युद्ध के साथ राजनीति युद्ध में पूर्ण रूप से कार्य करेगा। जिसके लिए आज से ही अपने साथियों को तैयार रहने का आदेश दिया। दरबार के प्रवक्ता राज कुमार के अनुसार बहुत जल्द ही महंत भगवा यात्रा निकालने जा रहे हैं। जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसमें हिंदू धर्म और सनातन को मानने वाले सभी को निमंत्रण दिया जायेगा।
श्रद्धालुओं के साथ महंत राजेंद्र पुरी।