अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस का थीम है गणित सबके लिए।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
9416191877
कुरुक्षेत्र, 13 मार्च : गणित के क्षेत्र में भारत की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी विशेष पहचान है। इसलिए अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस पर गणित विशेषज्ञों एवं शिक्षकों में भी विशेष उत्साह होता है। गणित शिक्षिका रीटा रानी ने अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस के इतिहास तथा महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विश्व स्तर पर गणित के महत्व और मनुष्य जीवन में इसकी आवश्यक भूमिका के लिए हर साल 14 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2019 में यूनेस्को द्वारा की गई थी। उन्होंने बताया कि गणित भारत में ही नहीं अपितु दुनिया भर के लिए एक उपयोगी विषय है। आज गणित के कारण ही असंभव लगने वाली गणनाएं की जा सकी हैं। साथ ही गणित के कारण हमें इस दुनिया के कई रहस्यों का भी पता चला है। रीटा रानी ने बताया कि गणित के महत्व और सभी के जीवन में इसकी भूमिका का जश्न मनाने के उद्देश्य से 26 नवम्बर 2019 को यूनेस्को के आम सम्मेलन के 40 वें सत्र में अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस को हर साल 14 मार्च को मनाने की घोषणा की गई थी।
गणित शिक्षिका ने बताया कि इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय गणित संघ द्वारा 14 मार्च 2020 को पहला इंटरनेशनल डे ऑफ मैथमेटिक्स मनाया गया। जिस का थीम गणित हर जगह रखा गया था। गणित दिवस मनाने के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस का उद्देश्य और प्रमुख लक्ष्य शिक्षा में गणित के महत्व के बारे में आम लोगों की समझ में सुधार लाना है। विकासशील देशों में विशेष तौर से लड़कियों और बच्चों पर ध्यान देते हुए उनकी गणितीय और वैज्ञानिक शिक्षा के क्षमता निर्माण में योगदान देना है। उन्होंने बताया कि समाज में लैंगिक समानता हासिल करते हुए महिलाओं और लड़कियों को गणित में सशक्त बनाना, आपदाओं, महामारी एवं उभरते रोगों तथा आक्रामक प्रजातियों से लड़ने में गणित की भूमिका को जागरूक करना शामिल है। साथ ही टेक्नोलॉजी और समाज के प्रबंधन में सफलताओं के बीज के रूप में गणितीय विज्ञान में बुनियादी अनुसंधान के महत्व पर जोर देना है। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि आधुनिक समाज के संगठन में गणित की भूमिका पर प्रकाश डालना है। जिसमें आर्थिक, वित्तीय, स्वास्थ्य और परिवहन प्रणालियों सहित मानव कल्याण की तलाश में दूरसंचार यंत्र आदि शामिल हैं। यह प्रमुख उद्देश्य एवं लक्ष्य हैं। रीटा रानी ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस शुरू से ही एक विशेष थीम के साथ मनाया जाता रहा है। इस साल 2023 में चौथे अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस का थीम गणित सबके लिए रखा गया है। पिछले साल 2022 में यह दिवस गणित एकता के थीम के साथ मनाया गया था। वहीं 2021 का थीम एक बेहतर दुनिया के लिए गणित था। उन्होंने बताया कि 2020 में पहले इंटरनेशनल मैथमेटिक्स डे का विषय गणित हर जगह था। गणित का अंतरराष्ट्रीय दिवस हर साल विश्व स्तर पर सभी देशों के स्कूलों, संग्रलयों एवं अन्य शैक्षिक संस्थानों में बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस मौके पर गणित संबंधी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं और मॉडल या प्रोजेक्ट बनाने जैसी गतिविधियां भी की जाती हैं।
गणित शिक्षिका रीटा रानी जानकारी देते हुए।