‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ को शुक्रवार को हुए 100 दिन पूरे।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877
सिरसा जिला के ऐलनाबाद हलके के गांव भूर्टवाला, पोहडक़ा, मीठी सुरेरा, खारी सुरेरा, किशनपुरा और ऐलनाबाद शहर में पहुंची यात्रा।
कर्मचारियों का दर्द समझता हूं, इनेलो की सरकार बनते ही ओपीएस का तोहफा दिया जाएगा : अभय सिंह चौटाला।
हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और केंद्र में भाजपा ने ओपीएस (ओल्ड पेंशन स्कीम) को बंद किया था।
कहा – इनेलो की सरकार बनते ही पोर्टल और परिवार पहचान पत्र समेत भाजपा की सभी जनविरोधी योजनाओं को खत्म किया जाएगा।
बुजुर्गों की कटी हुई पेंशन पुन: बहाल करेंगे।
दावा – मेवात की तीनों सीटों समेत सिरसा की सभी पांचों सीटें इनेलो जीतेगी।
अन्य जिलों में भी इनेलो पार्टी भाजपा और कांग्रेस से आगे है।
सिरसा, 10 जून : “परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ 100 वें दिन शुक्रवार को सिरसा जिला के ऐलनाबाद हलके के गांव भूर्टवाला, पोहडक़ा, मीठी सुरेरा, खारी सुरेरा, किशनपूरा और ऐलनाबाद शहर में पहुंची। पहले बारिश और अब तपती गर्मी और चिलचिलाती धूप में भी यात्रा बदस्तूर जारी है। लोगों में जबरदस्त जोश और उत्साह है। सभी गावों में अभय सिंह चौटाला का लोगों ने भव्य स्वागत किया। अभय सिंह जिस भी गांव में गए वहां के बच्चे, युवा, महिला, बुजुर्ग सभी अपने घरों से निकल कर सभा स्थल पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने अभय चौटाला के सामने अपनी समस्याएं भी रखी। लोगों ने बताया कि गांवो में पीने के पानी, हैल्थ सुविधाओं की समस्या है और सरकारी दफ्तरों में बगैर पैसा दिए कोई काम नहीं होता। सभी लोग भाजपा गठबंधन सरकार से बेहद नाराज दिखे।
इनेलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने प्रैस वार्ता में स्वयं माना है कि पोर्टल में अभी बहुत कमियां हैं। जब पोर्टल में बहुत कमियां हैं तो फिर क्यों किसानों को परेशान किया जा रहा है। हमारी सरकार बनते ही पोर्टल और परिवार पहचान पत्र को खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज कर्मचारी भी भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ पूरे हरियाणा में साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं और ओपीएस (ओल्ड पेंशन स्कीम) की मांग कर रहे हैं। हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और केंद्र में भाजपा ने ओपीएस (ओल्ड पेंशन स्कीम) को बंद किया था। कर्मचारियों का दर्द समझता हूं और इनेलो की सरकार बनते ही कर्मचारियों के लिए ओपीएस लागू कर उन्हें तोहफा दिया जाएगा। बुजुर्गों की कटी हुई पेंशन पुन: बहाल करेंगे। इसके अलावा भाजपा की जितनी भी जन विरोधी योजनाएं हैं, उन सभी को भी खत्म किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यात्रा को चलते 12 जिले पूरे हो गए हैं, सिरसा तेरहवां जिला है। पूरे हुए बारह जिलों में जो लोगों का रूझान देखने को मिला है उसको देखते हुए इनेलो पार्टी कांग्रेस और भाजपा से ज्यादा सीटें जीत रही है, जबकि पूरे हरियाणा में 22 जिले हैं। उन्होंने दावा किया कि मेवात की तीनों सीटों समेत सिरसा की सभी पांचों सीटें इनेलो जीतेगी। उसके अलावा बचे दस जिलों में भी इनेलो पार्टी भाजपा और कांग्रेस से आगे है। उन्होंने कहा कि 2024 में हर हालत में इनेलो पार्टी सत्ता में आएगी कोई रोकने वाला नहीं है। इस दौरान सभी लोगों ने प्रदेश में परिवर्तन कर इनेलो को फिर से सत्ता में लाने का संकल्प लिया और कहा कि अब वो कांग्रेस और भाजपा गठबंधन के झूठ और फरेब में नहीं फसेंगे।