कलारागिनी के बच्चों में भरा राष्ट्रभक्ति का जोश, शहीद हैं राष्ट्र की शान : देवीलाल।
वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
कुरुक्षेत्र, 26 जुलाई: कलारागिनी संस्था द्वारा सेक्टर 2 में कारगिल विजय दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी देवीलाल बारना ने बच्चों में राष्ट्रभक्ति का जोश भरा वहीं बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित कविता, गाने सुनाए व पोस्टर बनाए। मुख्यातिथि देवीलाल बारना ने कहा कि कारगिल विजय पर शहीदों को नमन करते हुए व बच्चों में राष्ट्र प्रेम का जोश भरते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस शहीदों की याद करवाता है। कारगिल जिले में 3 मई 1999 को भारतीय चरवाहों द्वारा सूचना दी गई थी कि पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ हो रही है। 8 मई को भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन विजय शुरु कर दिया गया था। ऑपरेशन विजय का लक्ष्य भारतीय एलओसी पर कब्जा करना था, जिस पर पाकिस्तानी सेना द्वारा कब्जा कर लिया था। 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना से पूरे क्षेत्र व चौकियो पर कब्जा कर लिया जिसे पाकिस्तानी सेना द्वारा कब्जा कर लिया गया था। इस युद्ध में 527 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे, जिन्हे आज पूरा देश नम आंखों से श्रद्धासुमन अर्पित कर रहा है। उन्होने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए कार्य करते रहना चाहिए। कोई भी ऐसा काम न करें जो राष्ट्र के हित में नही है। कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को कलारागिनी संस्था द्वारा स्टेशनरी भेंट कर सम्मानित किया गया। कलारागिनी की अध्यक्षा रजनी ने बताया कि संस्था द्वारा रोजाना ऐसे बच्चों को शिक्षा दी जा रही है जो किसी कारण से अच्छी शिक्षा प्राप्त नही कर सकते। यहां रोजाना लगभग 100 बच्चे शिक्षा ग्रहण करने के लिए पहुंचते हैं और विशेष अवसरों पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
बच्चों में राष्ट्रभक्ति का जज्बा भरते समाजसेवी देवीलाल बारना।