विश्व हिन्दू महासंघ देश में हिन्दू धर्म के प्रचार-प्रसार व उसकी रक्षा की दिशा में अपनी अहम भूमिका अदा कर रहा है : स्वामी धर्मदेव।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
ब्यूरो चीफ – संजीव कुमारी।
दूरभाष – 9416191877
सनातन धर्म व हिन्दु धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए युवा महासम्मेलन को लेकर बैठक आयोजित।
हिसार 26 सितंबर : शीघ्र ही विश्व हिन्दू महासंघ से जुड़े हजारों युवाओं का सनातन धर्म व हिन्दूत्व को लेकर एक महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन में देश के महान संत-महात्माओं का सानिध्य रहेगा ताकि युवाओं में सनातन धर्म व हिन्दुत्व का अधिक से अधिक संचार हो सके। उक्त जानकारी श्रीश्री 1008 महामण्डलेश्वर व विश्व हिन्दू महासंघ के मार्गदर्शक मंडल के स्वामी धर्मदेव महाराज व हरियाणा प्रभारी हरीश वर्मा ने पटौदी में स्थित हरि मंदिर आश्रम में उपस्थित युवाओं की बैठक के दौरान दी। विश्व हिन्दू महासंघ के राष्ट्रीय सचिव हरीश वर्मा ने पाटौदी (गुडग़ांव) में स्थित आश्रम हरी मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव जी महाराज से महासम्मेलन व सनातन धर्म के प्रचार प्रसार को लेकर भेंट की व उनका आशीर्वाद लिया। इस मौके पर महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज ने विश्व हिन्दू महासंघ संगठन की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठन देश में हिन्दू धर्म के प्रचार-प्रसार व उसकी रक्षा की दिशा में अपनी अहम भूमिका अदा कर रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय सचिव हरीश वर्मा को व उनकी टीम इसके लिए बधाई दी।
इसके अलावा महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज ने कहा कि सबसे प्राचीन धर्मों में हमारा हिन्दू धर्म है। इस धर्म का इतिहास हजारों साल पुराना है। पड़ौसी देश पाकिस्तान, नेपाल व चीन तक में सिन्धु घाटी सभ्यता एवं हिन्दू धर्म के कई चिन्ह एवं प्रमाण मौजूद हैं। हिन्दू धर्म सनातन धर्म है जिसका मतलब होता है सदा बना रहने वाला। हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पहले इस प्रकार की गणनाएं कर दी थी जो आज के विज्ञान के लिए आश्चर्य का विषय है। उन्होंने ऐसी प्रणाली को विकसित कर लिया था जिससे वे गृहों की चाल, दशा व अन्य खगोलीय घटनाएं, भूत, वर्तमान, भविष्य तक को स्पष्ट एवं सटीक बता देते थे। दुनिया भर के अनेक बुद्धिजीवियों ने भारत की सभ्यता, संस्कृति, धर्म का वैज्ञानिक आधार मानते हुए इसको स्वीकार किया है। हिन्दू धर्म की महानता के प्रचार-प्रसार में हरीश वर्मा विश्व हिन्दू महासंघ के माध्यम से जो कार्य कर रहे हैं वह सराहनीय है।
इस मौके पर विश्व हिन्दू महासंघ के राष्ट्रीय सचिव हरीश वर्मा ने महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज को आश्वस्त करते हुए कहा कि युवा सम्मेलन में हजारों की संख्या में युवा पहुंचेंगे और हिन्दू धर्म की रक्षा व उसके प्रचार-प्रसार का संकल्प लेंगे। देश के महान सन्तों के सानिध्य में रह कर अपनी टीम का प्रदेश स्तर पर गठन कर सनातन धर्म का अत्यधिक प्रचार-प्रसार करते रहेंगे।
इस मौके पर हरीश वर्मा, कुलदीप पहल, विक्रम लितानी, कपिल बिश्नोई, राजेश नेहरा, रणबीर आदमपुर, अनिल पूनियां, दीपक छोटू सांगा, संजीव, कुलदीप नरवाना, रविश बरवाला, अनिल पूनिया तोशाम, सुरेंद्र ताड़ गुडग़ांव आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव महाराज जी व विश्व हिन्दू महासंघ राष्ट्रीय सचिव हरीश वर्मा व अन्य।