![](https://vvnewsvaashvara.in/wp-content/uploads/2024/05/1000051841-948x1024.jpg)
वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
ज्येष्ठ महीने की अमावस्या को मनाई जाती है शनि जयंती।
कुरुक्षेत्र, 25 मई : अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी के परिसर में स्थित नवग्रह मंदिर एवं शनि शिला पर हर बार की भांति शनि जयंती पर विशेष पूजन किया जायेगा। साथ ही शनि शिला पर मंत्रोच्चारण के साथ तेलाभिषेक भी होगा। इस पूजन में श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ जुटते हैं। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि ज्येष्ठ महीने की अमावस्या को शनि जयंती मनाई जाती है। इस बार शनि जयंती 6 जून को है। उन्होंने बताया कि मान्यताओं के अनुसार सूर्यदेव पुत्र शनिदेव का जन्म ज्येष्ठ अमावस्या के दिन हुआ था, इसलिए हर साल ज्येष्ठ महीने की अमावस्या को शनि जयंती मनाई जाती है। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि शनिदेव सभी को उनके कर्मों के हिसाब से फल देते हैं। अच्छे कर्म करने वालों पर शनि देव की विशेष कृपा बनी रहती है। वैसे तो शनिदेव न्यायप्रिय देवता हैं बुरे कर्म करने वालों को शनिदेव दंड देते हैं। महंत जगन्नाथ पुरी ने कहा कि शनि देव की एक नजर किसी को भी राजा से रंक और रंक से राजा बना सकती है। शनि देव की कृपा दृष्टि जिस भी व्यक्ति पर रहती है उसे हर सुख की प्राप्ति होती है।
महंत जगन्नाथ पुरी जानकारी देते हुए।