नौगढ़ में 11 जुलाई से दस्तक अभियान, आशा खटखटाएंगी घर का दरवाजा

नौगढ़ सरकार के निर्देश पर एक जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण माह चल रहा है। विकास खंड नौगढ़ में 11 जुलाई से दस्तक अभियान शुरू होगा। इस विशेष अभियान के दौरान आशा बहू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों के बारे में जानकारी लेंगी। मरीजों की सूची तैयार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उपलब्ध कराएंगी ताकि उन्हें समय पर बेहतर उपचार की सुविधा मिल सके और रोगों पर नियंत्रण बना रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पर बुधवार को आयोजित बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश पटेल ने बताया कि बरसात के मौसम में मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है। दस्तक अभियान में आशाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटाएंगी और जिन व्यक्तियों में रोग के लक्षण मिलेंगे, उनकी स्लाइड से जांच करेंगी। इस अभियान के तहत मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार, टीबी व कोरोना के लक्षण वाले मरीजों की सूची तैयार की जाएगी। आवश्यकतानुसार मरीज को अस्पताल तक ले जाने में मदद करेंगी। रोग का समय रहते पता चलने पर उसके फैलने पर रोक लगेगी और मरीज को भी समय पर उपचार मिल सकेगा। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि तहसील नौगढ़ में लगभग 25 हजार घरों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। 91 आशाएं घर-घर जाकर मरीजों के बारे में जानकारी लेंगी। एक दिन में एक आशा बहू को 20 से 25 घर कवर करने का लक्ष्य दिया गया है। इस बैठक में सीता गुप्ता, वंदना पाल, सुमन, मुन्नी सिंह, सुधा, राजकुमारी, पूनम देवी, अनीता भारती व अन्य स्टाफ मौजूद थे।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

advertisement