वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
संत देंगे गुरु पूर्णिमा पर ही संकटमोचन दरबार में नशा मुक्ति संकल्प का मंत्र।
कुरुक्षेत्र, 17 जुलाई : अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी एवं अन्य संतों के सान्निध्य में भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में महंत जगन्नाथ पुरी की परम शिष्या स्वामी पृथ्वी पुरी ने बताया कि इस बार 20 जुलाई को श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी श्री बाला जी धाम अलावला में भी महंत जगन्नाथ पुरी की प्रेरणा से भव्य एवं विशाल गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन होगा। इस अवसर पर महंत जगन्नाथ पुरी गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर समाज एवं धर्म रक्षा की प्रेरणा देंगे। साथ ही श्रद्धालुओं को नाम दान भी देंगे। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई शनिवार को सायं विशाल भंडारे के उपरांत रात्रि 9 बजे से सुबह 3 बजे तक पूरी रात भजन संध्या एवं संतों के प्रवचन होंगे। 21 जुलाई की सुबह 3 से 4 बजे तक सर्वकल्याण की भावना से हवन होगा जिसमें संतों के साथ भारी संख्या में श्रद्धालु आहुतियां देंगे। सुबह 4 बजे नाम दान का कार्यक्रम होगा। स्वामी पृथ्वी पुरी ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा निरंतर समाज को नशा मुक्त बनाने का अभियान भी चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत ही संतों द्वारा संकटमोचन दरबार में नशा मुक्ति संकल्प का मंत्र दिया जाता है। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव के कार्यक्रम के उपरांत श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में भगवान शिव के परम भक्त ऋषि मारकंडेय का पूजन एवं अभिषेक होगा। महंत जगन्नाथ पुरी ने कहा कि इस बार गुरु पूर्णिमा महोत्सव अपने आप में विशेष है। इस में संतो के साथ धर्म प्रेमियों को शामिल होने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर स्वामी संतोषानंद, स्वामी तीर्थ दास, बिल्लू पुजारी, कपिल शर्मा, हरिओम, निधि, गोपिका व अंजलि इत्यादि भी मौजूद रहे।
अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी।