वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
महामृत्युंजय मंत्र अनुष्ठान भी हुआ प्रारम्भ।
ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से सावन के पहले दिन सर्वकल्याण की भावना से किया अभिषेक।
कुरुक्षेत्र, 22 जुलाई : इस बार भगवान भोलेनाथ का प्रिय सावन महीना सोमवार को ही प्रारम्भ हुआ है। इस विशेष अवसर पर देशभर में फैली जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से श्री जयराम विद्यापीठ में स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में सर्व कल्याण की भावना से महामृत्युंजय मंत्र अनुष्ठान भी प्रारम्भ हुआ। सावन के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अभिषेक व पूजन के लिए विद्यापीठ में पहुंचे। श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में प. पंकज पुजारी ने यजमान अतुल जिन्दल, प्रणव जिन्दल, देवराज गर्ग, राम गोपाल शर्मा का उनके परिवार के सदस्यों के साथ सावन पूजन तथा अभिषेक सम्पन्न करवाया। परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने सभी को सावन की शुभकामनाओं के साथ कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के पवित्र महीने सावन का उनके प्रिय सोमवार को आगाज हुआ है। भगवान भोलेनाथ हर समय ही अपने भक्तों पर कृपा बनाए रखते हैं और थोड़ी सी भक्ति में ही अपने भक्तों से प्रसन्न हो जाते हैं। सावन में इसका महत्व और भी बढ़ जाता है क्योंकि सावन का महीना भगवान शंकर का अति प्रिय माना जाता है। जयराम संस्थाओं के मीडिया प्रभारी राजेश सिंगला ने बताया कि जयराम संस्थाओं के अंतर्गत के कुरुक्षेत्र, हरिद्वार, ऋषिकेश, वृन्दावन, बेरी (रोहतक), दिल्ली, नरवाना इत्यादि सहित सभी आश्रमों में पूरा सावन महीना पूजन चलेगा।
जयराम विद्यापीठ में सावन पूजन व अभिषेक करते हुए।