हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष 9416191877
रंग-बिरंगी पोशाकों में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, तीज उत्सव में परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी भी रहे मौजूद।
कुरुक्षेत्र, 6 अगस्त : देशभर में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष एवं श्री जयराम शिक्षण संस्थान के चेयरमैन ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से श्रीमती केसरी देवी लोहिया जयराम पब्लिक स्कूल में हरियाली तीज’ का उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। स्कूल में इस मौके पर जगह-जगह सुंदर झूले लगाए गए। रंग-बिरंगी पोशाकों में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने झूलों का खूब आनंद लिया। छात्र-छात्राओं ने अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिनमें तमन्ना ने सुंदर कविता प्रस्तुत की। कनिष्ठा, कशिश और उसके ग्रुप ने सांमण आया रे……… हरियाणवी नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी। कक्षा नवमी से ग्यारहवीं के छात्र-छात्राओं ने संगीत अध्यापक घनश्याम के साथ एक समूह गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर कार्यक्रम में परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की गरिमामयी उपस्थिति ने उत्सव का आनंद चौगुना कर दिया। ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने तीज उत्सव पर सभी को शुभ आशीष एवं शुभकामनाएं दी। प्रिंसिपल अंजू अग्रवाल ने भी तीज पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भारत त्यौहारों का देश है और तीज उत्तर भारत में मनाया जाने वाला प्रमुख त्यौहार है। जो सावन की तृतीया तिथि को आता है। माता पार्वती ने भगवान शिव के लिए सर्वप्रथम इस व्रत को रखा था। इसमें श्रृंगार का बहुत महत्व है। सभी महिलाएं एवं युवतियां सज-धज कर वर्षा की फुहारों के बीच झूला झूलती हैं। इस तरह हमारे प्रत्येक त्यौहार जीवन में हर्षोल्लास भर देते हैं। इस अवसर पर सभी अध्यापक और अध्यापिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
तीज उत्सव पर झूला झूलते नन्हे बच्चे एवं प्रस्तुति देती छात्राएं।