एनआईटी बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की चेयरपर्सन डॉ. तेजस्विनी अनंत कुमार ने किया धरोहर हरियाणा संग्रहालय का अवलोकन

कुरुक्षेत्र, वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक 30 नवॅबर : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर स्थित धरोहर हरियाणा संग्रहालय में रविवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की चेयरपर्सन डॉ. तेजस्विनी अनंत कुमार ने विशेष रूप से पहुंचकर विस्तृत अवलोकन किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने हरियाणा की लोक संस्कृति, परंपराओं, विरासत, ग्रामीण जीवन, कृषि तकनीकों और प्राचीन धरोहरों को सहेजकर प्रस्तुत करने की विश्वविद्यालय की इस अनूठी पहल की सराहना की।
संग्रहालय पहुंचने पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने उनका औपचारिक स्वागत किया और संग्रहालय की अवधारणा, स्थापना, संरक्षण कार्यों तथा यहां प्रदर्शित की गई ऐतिहासिक सामग्री के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि धरोहर हरियाणा संग्रहालय न केवल राज्य की सांस्कृतिक पहचान का प्रतिबिंब है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम भी है।
अवलोकन के दौरान डॉ. तेजस्विनी अनंत कुमार ने विभिन्न गैलरियों में प्रदर्शित पारंपरिक वेशभूषाओं, कृषि उपकरणों, लोक वाद्ययंत्रों, मिट्टी और लकड़ी की प्राचीन कलाकृतियों, ग्रामीण जीवन की झलकियों और हस्तशिल्पों में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित सामग्री की वैज्ञानिक ढंग से की जा रही संरक्षण प्रणाली तथा व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संग्रहालय किसी भी प्रदेश की संस्कृति को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और विश्वविद्यालय का यह प्रयास अनुकरणीय है।
इस अवसर पर डॉ. ममता सचदेवा, कुलसचिव लेफ्टिनेंट डॉ. वीरेन्द्र पाल, दयानिधि, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला, मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार, कुलपति के ओएसडी पवन रोहिला तथा डॉ. सुशील टाया भी मौजूद रहे।




