सहारा इंटरनेशनल स्कूल में ‘टेक-नोवा’ का भव्य आयोजन : विक्रांत अग्रवाल

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 94161 91877
नन्हे वैज्ञानिकों की कल्पनाओं को मिला साकार रूप।
लाडवा, (सुबा सिद्दू ) 7 फरवरी : लाडवा के सहारा इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में शनिवार को ‘टेक-नोवा’ विज्ञान एवं तकनीकी प्रदर्शनी का भव्य और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का ऐसा अद्भुत प्रदर्शन किया कि उपस्थित अभिभावक एवं अतिथिगण मंत्रमुग्ध रह गए।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने न केवल मॉडल प्रस्तुत किए, बल्कि जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से समझाकर “करके सीखने” की अवधारणा को जीवंत कर दिया। कोडेक्स प्रोसेसिंग एवं स्मार्ट डिवाइसेस, लाइव हार्ट वर्किंग मॉडल, मानव नेत्र, रॉकेट इंजन, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक इंडक्शन, पर्यावरण संरक्षण, सस्टेनेबिलिटी तथा ऊर्जा संरक्षण पर आधारित प्रोजेक्ट्स प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण रहे। इन नवाचारों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को जागरूकता का सशक्त संदेश भी दिया।
इस अवसर पर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल प्रबंध निदेशक ,गीतिका अग्रवाल एवं उप प्रधानाचार्या रितु गोगिया शामिल हुए l विक्रांत अग्रवाल ने कहा कि “शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करना है।” ‘टेक-नोवा’ जैसे मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर सिद्ध होते हैं। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को रटंत प्रणाली से बाहर निकालकर अनुभव आधारित शिक्षा से जोड़ना है, ताकि वे भविष्य की वैश्विक चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। सहारा इंटरनेशनल स्कूल का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी की अद्वितीय प्रतिभा को निखारने हेतु एक सुरक्षित, प्रेरक और उत्साहवर्धक मंच प्रदान करना है। यह प्रदर्शनी केवल एक विद्यालयी कार्यक्रम नहीं थी, बल्कि उन भावी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की पहली उड़ान थी, जो आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगे।



