टीबी की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी : रमेश चौधरी

विश्व टीबी दिवस पर रेडक्रॉस ने चलाया जागरूकता अभियान।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 24 मार्च : हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी कुरुक्षेत्र शाखा द्वारा विश्व टीबी दिवस पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। आमजन को टीबी के प्रति जागरूक करने के लिए रेडक्रॉस जिला टीबी को-आर्डिनेटर अंजलि की अगुवाई में जागरूकता रैली भी निकाली गई। रेडक्रॉस सभागार में आयोजित जागरूकता सेमिनार में जिला सचिव रमेश चौधरी ने फर्स्ट एड ट्रेनिंग लेने पहुंचे युवाओं के साथ रेडक्रॉस कर्मियों को टीबी के प्रति जागरूक किया।
जिला रेडक्रॉस सचिव रमेश चौधरी ने बताया कि उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी अध्यक्ष विश्राम कुमार मीणा के निर्देशानुसार रेडक्रॉस की ओर से टीबी उन्मूलन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वस्थ और सुरक्षित समाज के लक्ष्य को लेकर रेडक्रॉस द्वारा टीबी बचाव के प्रति लोगों को अवगत कराया जा रहा है। सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग लिया जा रहा है और ग्राम पंचायतें भी टीबी उन्मूलन में भागीदार हैं, क्योंकि टीबी रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
जिला सचिव रमेश चौधरी ने कहा कि समाज में टीबी को लेकर जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। सही समय पर इलाज मिलने से यह रोग पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने आमजन को आह्वान किया कि वे टीबी से जुड़े किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें और तुरंत जांच करवाएं। रेडक्रॉस टीबी कोऑर्डिनेटर अंजलि ने बताया कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा शाखा के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी और राज्य महासचिव डॉ. सुनील कुमार के मार्गदर्शन में रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से ड्राप आउट क्षय रोगियों का इलाज किया जा रहा है। सरकार की ओर से चलाई जा रही गतिविधियों भी रेडक्रास की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा है। रेडक्रॉस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिलकर निशुल्क टीबी स्क्रीनिंग कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। कैंपों के आयोजन में जिला टीबी अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल का विशेष सहयोग रहता है।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस की ओर से ड्राप आउट क्षय रोगियों का इलाज शुरू करने के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर रोगियों को पौष्टिक आहार किट भी वितरित की जा रही हैं। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं से निक्षय मित्र बनकर टीबी के गरीब मरीजों को गोद लेने की अपील की। इसके साथ ही रेडक्रॉस वालंटियर की ओर से गांवों में भी आमजन को जागरूक किया जा रहा है और बचाव सामग्री भी वितरित की जा रही हैं। इस अवसर पर टीबी वालंटियर जोंगेंद्र, राहुल, रानी और आरती प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।




