
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 5 मई : गुजरात के महामहिम राज्यपाल आचार्यश्री देवव्रत जी की प्रेरणा से वेद प्रचार विभाग, गुरुकुल कुरुक्षेत्र द्वारा ज्योतिसर के ज्योति विद्या मंदिर सेकेण्डरी स्कूल में सात दिवसीय योग एवं जीवन निर्माण शिविर लगाया गया जिसका मंगलवार को भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर वेद प्रचार अधिष्ठाता रामनिवास आर्य मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिनका विद्यालय के निदेशक नितीश भारद्वाज एवं प्राचार्य केवल शर्मा ने बुके देकर जोरदार स्वागत किया। वेद प्रचार विभाग के वरिष्ठ भजनोपदेशक महाशय जयपाल आर्य, विशाल आर्य जयराम आर्य, जगदीश आर्य, विद्यालय के अध्यापक अनिल कुमार, सोमनाथ, अन्नू, सुनीता, आशा, काजल, प्रियंका, अर्चना, हेमलता, बबीता, रानी और गीता मैडम भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
वेद प्रचार विभाग के योग शिक्षक आर्यमित्र एवं संजय आर्य द्वारा लगाये गये इस शिविर में विद्यालय के छात्रों ने योगासन, डम्बल, लेजियम, नेपाली पीटी, कराटे आदि का प्रशिक्षण लिया और समापन पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह में अर्जुन-रथ और सुदर्शन चक्र विशेष आकर्षण रहे जिन पर दर्शकों ने जोरदार तालियों द्वारा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि रामनिवास आर्य ने बताया कि आचार्यश्री के मार्गदर्शन में विगत 12 वर्षों से वेद प्रचार का यह कार्यक्रम निर्बाध रूप से चल रहा है जिसमें लगभग 20 लोगों की टीम गांव-गांव जाकर युवाओं को वैदिक जीवन मूल्यों, भारतीय संस्कृति और पुरातन संस्कारों से अवगत कराने के साथ-साथ योगासन, पीटी, लेजियम, डम्बल, कराटे आदि शारीरिक प्रशिक्षण देकर उन्नत राष्ट्र के निर्माण में अपना महती योगदान दे रहे हैं। उन्होंने बच्चों द्वारा दिखाये गये अद्भुत प्रदर्शन की जमकर सराहना की, साथ ही योग शिक्षक आर्यमित्र एवं संजय आर्य के प्रशिक्षण की भी भूरि- भूरि प्रशंसा की। अंत में स्कूल प्रबंधन द्वारा गुरुकुल की समस्त टीम का आभार व्यक्त किया गया।


