
सांसद नवीन जिन्दल ने विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर जनता से सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता बनाने की अपील की।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 7 जून : विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की है।
सांसद नवीन जिन्दल ने अपने संदेश में कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन पर टिकी होती है। भोजन केवल भूख मिटाने का साधन नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य, कार्यक्षमता और उज्ज्वल भविष्य का आधार है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहे तथा भोजन की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
उन्होंने कहा कि आज बदलती जीवनशैली के कारण अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स, जंक फूड तथा रिफाइंड सीड ऑयल्स का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिसका प्रभाव जनस्वास्थ्य पर दिखाई दे रहा है। मोटापा, मधुमेह, हृदय रोग और अन्य अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचने के लिए लोगों को प्राकृतिक, ताजा और संतुलित भोजन की ओर लौटना होगा।
उपरोक्त जानकारी देते हुए सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल ने खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को संसद व राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूती से उठाया है। उन्होंने लोकसभा में अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स तथा रिफाइंड सीड ऑयल्स के बढ़ते उपयोग से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए इस विषय पर व्यापक जनजागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया था। सांसद नवीन जिन्दल प्रत्येक मंच और जन-संपर्क कार्यक्रमों में लोगों को पौष्टिक, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन के प्रति जागरूक करते हैं। आने वाले समय में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने के लिए नवीन जिन्दल फाउंडेशन के माध्यम से एक व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।


