
दानिश कक्कड़ का जन्मदिन सत्संग एवं भजन-कीर्तन के साथ सादगीपूर्ण ढंग से मनाया गया।
(पंजाब)फिरोजपुर 16 जून [कैलाश शर्मा विशेष संवाददाता]
आज के भौतिकवादी युग में जहां जन्मदिन समारोहों पर दिखावे और आडंबर का बोलबाला है, वहीं श्री नरिंदर कक्कड़ ने अपने सुपुत्र दानिश कक्कड़ का जन्मदिन आध्यात्मिक वातावरण में मनाकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उनके निवास स्थान पर, अमृतवेला प्रभात सोसाइटी द्वारा भव्य सत्संग एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अमृतवेला सदस्यों ने प्रभु महिमा का गुणगान करते हुए भक्ति रस से ओत-प्रोत भजन प्रस्तुत किए। सत्संग में उपस्थित संगत ने मानव जीवन में प्रभु स्मरण, सेवा और सत्संग के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विश्व शांति, समाज की खुशहाली एवं दानिश कक्कड़ के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रार्थना की।
श्री नरिंदर कक्कड़ ने कहा कि जीवन के विशेष अवसरों को आध्यात्मिकता और सेवा भाव के साथ मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है तथा नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर परिवार को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर शशि बाला कक्कड़, नरिंदर कक्कड़, नीलम कक्कड़, मोना शर्मा, दीपक शर्मा और समस्त अमृतवेला परिवार उपस्थित रहे। अंत में संगत के लिए प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने दानिश कक्कड़ को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए उसके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की कामना की।


