
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी दूरभाष – 9416191877
पलवल, 21 जून : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए एसवीएसयू में संचालित बीएससी योग एवं स्प्रिचुअल साइंस को एमएससी तक प्रोन्नत करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने भविष्य में योग को खेल विभाग के साथ समन्वित कर इसे बढ़ावा देने का भी एलान किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विद्यार्थियों ने पूरी कुशलता से योगासन किए और हाइब्रिड मोड में आयोजित इस कार्यक्रम सैकड़ों शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने इस मौके पर कहा कि योग न केवल हमारे शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि इससे हमारा मानसिक और आत्मिक विकास भी होता है। योग से जीवन में संतुलन पैदा होता है। उन्होंने कहा कि योग से हमारी ऊर्जा और कार्य क्षमता बढ़ती है। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने सभी से नित्य योग करने का आह्वान किया। योग शिक्षक डॉ. सोहन लाल ने सभी को योग करवाया और विभिन्न आसनों तथा योग क्रियाओं के लाभ भी बताए। उन्होंने योगिक क्रियाओं से जीवन में आमूल-चूल परिवर्तन की विधियां भी सिखाई। विद्यार्थियों ने बड़ी कुशलता के साथ योगासन किए।
कुलसचिव सुमन वशिष्ठ ने भी योगाभ्यास किया और कार्य में कुशलता लाने के लिए योग को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। अनुप्रयुक्त विज्ञान एवं मानविकी संकाय की डीन प्रोफेसर सुचित्रा वशिष्ठ ने सभी का आभार ज्ञापित किया। डॉ. भावना रूपराई ने मंच संचालन किया। ट्रांजिट कैंपस में भी योग दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में निदेशक प्रोफेसर सुजाता शाही, प्रोफेसर रूचि सक्सेना और प्रोफेसर जॉय कुरियाकोजे सहित काफी संख्या में स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने योगासन किए।
योगासन करते एसवीएसयू के विद्यार्थी।


