
केयू में पक्षियों के लिए 300 मिट्टी के कसोरे (सकोरे) लगाने का अभियान शुरू।
थानेसर,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 22 जून : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा की पर्यावरण संरक्षण संबंधी दूरदर्शी सोच और कुशल मार्गदर्शन में छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. ए. आर. चौधरी ने विश्वविद्यालय परिसर में पक्षियों के लिए 300 मिट्टी के कसोरे (सकोरे) लगाने एवं वितरित करने के विशेष अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करना एक छोटा लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण मानवीय प्रयास है, जो जीवों के प्रति हमारी करुणा और जिम्मेदारी को दर्शाता है।
प्रो. ए. आर. चौधरी ने कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा की प्रेरणादायी सोच का उल्लेख करते हुए विश्वविद्यालय परिवार तथा आम नागरिकों से अपने घरों, छतों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पक्षियों के लिए दाना-पानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण योजना के अंतर्गत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान पक्षियों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करना तथा विद्यार्थियों एवं समाज में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रो. ए. आर. चौधरी एवं उनकी टीम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
इस अवसर पर हरपाल सिंह (सहायक), प्रवीण कुमार (लिपिक),योगेश कुमार (लिपिक) तथा प्रदीप कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


