
सीडीओ ने लाटघाट में कई योजनाओं का फीता काटकर किया उद्घाटन।
सगड़ी (आजमगढ़): मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने अजमतगढ़ ब्लॉक के लाटघाट ग्राम सभा में बुधवार को देर शाम इंटरलॉकिंग, पेयजल और बाउंड्री वाल सहित कई योजनाओं का फीता काटकर उदघाटन किया। संत रणविजय सिंह के नेतृत्व में संचालित कार्यक्रम में गायत्री परिवार द्वारा सीडीओ और डीडी तथा प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्रा को बुके देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के सैकड़ो महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर लोक कल्याण की कामना की।
उद्घाटन अवसर पर परीक्षित खटाना ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारों द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जिससे गांव के अंतिम व्यक्ति को इसका लाभ मिल रहा है। आज प्रदेश का एक एक गांव सड़क,शिक्षा, प्रकाश जैसी अनेकों योजनाओं से जुट रहा है। प्रकृति के साथ संस्कृति को जोड़ने की एक परंपरा रही है। जिसमें हम पेड़, पौधें , जल संरक्षण, पृथ्वी,नदियों का संरक्षण करते चले आए हैं। इससे आगे बढ़ाने की जरूरत है। ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इसका अनुसरण करती रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी लोगों से एक-एक पेड़ लगाने और उसके संरक्षण करने की भी अपील की और कहा कि प्रधानमंत्री की भी इच्छा है की मां के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाया जाए।
लाटघाट गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित दीप प्रज्वलन के बाद अजमतगढ़ के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्रा ने कहा कि अजमतगढ़ के प्रत्येक गांव में विकास की गंगा बहाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी का विशेष सहयोग रहा है।
कार्यक्रम में राजेश जी, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा, सुभाष चंद्र शर्मा, प्रशांत सिंह, प्रधान टुन्ना सिंह, रणविजय सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।


