
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
संवाददाता – उमेश गर्ग।
ओपी जिन्दल पार्क में स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवा वितरण और रक्त एवं युरिन परीक्षण के माध्यम से लोगों ने उठाया लाभ।
कुरुक्षेत्र, 27 जून : ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नवीन जिन्दल फाउंडेशन निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को फाउंडेशन द्वारा संचालित दो मोबाइल मेडिकल यूनिट्स ने थानेसर विधानसभा क्षेत्र स्थित ओपी जिन्दल पार्क में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर 262 लोगों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की।
इस शिविर के दौरान स्थानीय नागरिकों ने अपने घरों के नजदीक ही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने भी स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
चिकित्सक डॉ. पूर्णमल और डॉ. प्रमोद ने बताया कि शिविर में मरीजों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई तथा उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। कुल 216 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जबकि 46 लोगों के रक्त और युरिन परीक्षण मौके पर ही किए गए।
सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स केवल उपचार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित कर रही हैं। इन यूनिट्स के माध्यम से संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण संदेश भी गांव-गांव पहुंचाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल के निर्देशानुसार वर्तमान में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट्स कुरुक्षेत्र जिले में और एक मोबाइल मेडिकल यूनिट कैथल जिले में सेवाएं दे रही है। इन प्रयासों से दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच मजबूत हुई है तथा बड़ी संख्या में लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल रही है।


