
अध्यक्ष विक्रम सिंह की अपील, विशेष पंजीकरण कैम्प में सभी कोचिंग संचालक हों शामिल
रायबरेली। कोचिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, रायबरेली के अध्यक्ष विक्रम सिंह ने जनपद के समस्त कोचिंग संस्थानों के संचालकों से अपील की है कि वे जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष पंजीकरण एवं मानक अनुपालन कैम्प में अनिवार्य रूप से शामिल होकर अपने संस्थानों का पंजीकरण तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें।
उन्होंने बताया कि माननीय जिलाधिकारी श्रीमती सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार 29 जून, 30 जून एवं 1 जुलाई 2026 को रायबरेली विकास प्राधिकरण सभागार में प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक विशेष कैम्प आयोजित किया जा रहा है। इस कैम्प में विकास प्राधिकरण, माध्यमिक शिक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग तथा विद्युत सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और कोचिंग संस्थानों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
विक्रम सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए प्रत्येक कोचिंग संस्थान को अग्निशमन सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, आपातकालीन निकास तथा अन्य निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने सभी संचालकों से प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने जिला प्रशासन से यह भी अनुरोध किया कि मानकों के अनुपालन की प्रक्रिया व्यवहारिक, सहयोगात्मक एवं पारदर्शी हो। जिन संस्थानों में मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, उन्हें शेष कमियों को दूर करने के लिए पर्याप्त समय प्रदान किया जाए, ताकि किसी भी कोचिंग संचालक के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। साथ ही उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं बिना किसी प्रकार की अवैध वसूली के संपन्न हो।
विक्रम सिंह ने कहा कि कोचिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, रायबरेली सदैव प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है तथा सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।


