
नशामुक्त यात्रा का किया आह्वान।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 29 जुलाई : श्री शिव शक्ति सेवा मंडल द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन माह के उपलक्ष्य में 34वाँ कांवड़ सेवा शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में आज दु:खभंजन महादेव मंदिर में भट्ठी पूजन के शिविर का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संरक्षक दर्शन पुरी, चेयरमैन डॉ. एम.के. मोदगिल, प्रधान एम.एल. खूंगर, उपप्रधान अश्वनी अरोड़ा बिट्टू, महासचिव संदीप मरवाहा, कोषाध्यक्ष वेद ग्रोवर, सदस्य एस.के. मिश्रा, एम.एल, सचदेवा, शशि कपूर, राजकुमार, प्रीतम सुधा, कुलवंत सिंह भट्ठी आदि मौजूद रहे।
सभी ने कांवड़ शिविर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष 28 जुलाई से 11 अगस्त तक दु:खभंजन महादेव मंदिर में आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में कांवड़ियों के ठहरने, खाने पीने, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को पूर्ण भंडारे के भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1992 में शिव शक्ति सेवा मंडल द्वारा कांवड़ सेवा शिविर की शुरूआत की गई थी। तब से ये सेवा कार्य लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि सावन माह में प्रतिदिन लगभग 300 कांवड़िए शिविर में शामिल होते हैं। पूरे सावन माह में लगभग 3000 से अधिक कांवड़िये इस शिविर में शामिल होते हैं। मंदिर परिसर में प्रतिदिन 24 घंटे अटूट भंडारा जारी रहेगा।
उन्होंने सभी शिव भक्त कांवड़ियों से आह्वान किया कि सभी नशों से दूर रहे। शिव नाम का जाप करते हुए अपनी कांवड़ यात्रा को पूर्ण करें।


