
पलवल, प्रमोद कौशिक 6 अगस्त : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा ने एक महीने में 540 परिणाम घोषित करने का रिकॉर्ड बनाया है। एक महीने में पहली बार इतने परिणाम घोषित किए गए हैं। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने इस उपलब्धि के लिए परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार और परीक्षा शाखा के पूरे स्टाफ को बधाई दी। इस दौरान परीक्षा शाखा ने कुल 19 हजार से भी ज्यादा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को समय से परीक्षा परिणाम मिले, इसके लिए हम संकल्पबद्ध हैं और साथ ही हमने व्यवस्था को त्रुटिरहित बनाने का भी संकल्प लिया है। भविष्य में इस कुशलता को और अधिक बढ़ाए जाने के लिए उन्होंने परीक्षा शाखा को प्रेरित और उत्साहित किया। परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस एक महीने के रिकॉर्ड समय में यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट के 114 परिणाम घोषित किए गए, जबकि प्रदेश भर के 31 संबद्ध कॉलेजों के परिणाम निकाले गए। इसके अतिरिक्त री-अपियर और पुनर्मूल्यांकन के परिणाम घोषित किए गए। डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मार्किंग सेंटर में प्रतिदिन काम चला और इसके अलावा गैर शैक्षणिक स्टाफ ने भी निरंतर मेहनत की तभी यह सम्भव हो पाया। प्रोफेसर राजेश कुमार ने इस प्रोत्साहन के लिए कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित और तीव्र रिजल्ट हमारा ध्येय है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए परीक्षा शाखा के स्टाफ को बधाई दी। साथ ही भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प भी लिया।


