
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 7 अगस्त : मातृभूमि सेवा मिशन के फतुहपुर स्थित आश्रम परिसर में देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं पूर्व सांसद स्व. ओम प्रकाश जिंदल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में वृक्षारोपण एवं विद्यार्थियों का राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रसिद्ध समाजसेवी, वैदिक विद्वान, दार्शनिक एवं आध्यात्म प्रेरित सेवा संस्थान मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डा. श्रीप्रकाश, नवीन जिंदल फाउंडेशन के सदस्य विनोद जिंदल, ऋषि प्रकाश गुप्ता एवं मातृभूमि शिक्षा मंदिर के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से ओम प्रकाश जिंदल की स्मृति में आश्रम परिसर में पर्यावरण संरक्षण के निमित्त वृक्षारोपण किया। मातृभूमि सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने कहा ओम प्रकाश जिंदल एक महान भारतीय उद्योगपति और राजनेता थे, जिन्हें मैन ऑफ स्टील कहा जाता है। हरियाणा के हिसार जिले के नलवा गांव में जन्मे ओम प्रकाश जिंदल साधारण शुरुआत से जिंदल समूह की स्थापना की और वे हरियाणा के ऊर्जा मंत्री भी रहे।
शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास में उनका बड़ा योगदान था। उन्होंने हिसार में विद्या देवी जिंदल स्कूल सहित अनेक शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की तथा अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने कहा ओम प्रकाश जिंदल के सुपुत्र प्रसिद्ध उद्योगपति एवं कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल अपने पिता के सपनों को साकार करने में अनवरत समर्पित है। नवीन जिंदल अनेक लोकमंगल के कार्यों के साथ साथ अपनी व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवीन जिंदल फाउंडेशन के सदस्य विनोद गर्ग ने ओमप्रकाश जिंदल के सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला।
ऋषि प्रकाश गुप्ता ने मातृभूमि सेवा मिशन के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा यह आश्रम सेवा का तीर्थ है। कार्यक्रम का संचालन भागवत सरूप ने किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ से हुआ।


