
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 19 अगस्त :
महंत प्रभात पुरी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में एक विशेष एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी दीदी विद्यालय में पधारीं और छात्राओं को रक्षाबंधन के आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया।
ब्रह्माकुमारी दीदी ने छात्राओं को बताया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व ही नहीं, बल्कि यह आत्मा और परमात्मा के बीच के पवित्र एवं अटूट संबंध का भी प्रतीक है। उन्होंने प्रेरणादायी संदेश देते हुए कहा कि सबसे श्रेष्ठ, पवित्र और सच्चा बंधन प्रभु के साथ है। उन्होंने सभी को अपने जीवन में प्रेम, पवित्रता, सद्भाव और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधक सुनील सचदेवा, उप-प्रबंधक रमेश सचदेवा, स्थानु सेवा मंडल के प्रधान सतीश शर्मा, स्कूल कमेटी मेंबर रामनिवास शर्मा, प्रधानाचार्य विनोद कुमार धीमान जी तथा विद्यालय की वाइस प्रिंसिपल श्रीमती मंजुला शर्मा सहित विद्यालय के अन्य गणमान्य सदस्य एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
ब्रह्माकुमारी दीदी ने विद्यालय की सभी अध्यापिकाओं को भी राखी बांधी तथा रक्षाबंधन के पावन संदेश को सभी के साथ साझा किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में प्रेम, भाईचारे, पवित्रता और आध्यात्मिक चेतना का सुंदर वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं एवं अध्यापिकाओं को यह संदेश दिया गया कि रक्षाबंधन का वास्तविक उद्देश्य केवल रक्षा का संकल्प लेना नहीं, बल्कि प्रभु के साथ अपने पवित्र संबंध को मजबूत करना और जीवन में सकारात्मक एवं मानवीय मूल्यों को अपनाना भी है।

