पिंक बसों में कोविड मरीजों को मिलेंगी एम्बूलैंस जैसी सुविधाएं: मुंजाल।
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 94161-91877
परिवहन विभाग कुरुक्षेत्र डिपू ने 5 पिंक बसों को बनाया एम्बूलैंस।
एक बस में चार बैड सहित होंगी तमाम स्वास्थ्य सुविधाएं।
आज सौंपी जाएंगी स्वास्थ्य विभाग को।
कुरुक्षेत्र 11 मई :- परिवहन विभाग कुरुक्षेत्र डिपू के महाप्रबंधक अशोक मुंजाल ने कहा कि कोरोना के संक्रमित मरीजों की सहायता के लिए परिवहन विभाग की 5 पिंक बसों को एम्बूलैंस के रुप में तैयार करवा लिया गया है। इस एक बस में चार बैड के साथ-साथ गम्भीर मरीज को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ देने जैसी तमाम सुविधाओं का प्रबंध किया गया है। इन पांचों बसों को 12 मई को सुबह प्रशासन के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग को एम्बूलैंस सेवाओं के रुप में प्रयोग करने के लिए दे दिया जाएगा।
महाप्रबंधक अशोक मुंजाल ने मंगलवार को देर सायं बातचीत करते हुए कहा कि कोरोना महामारी का प्रकोप अपनी चरम सीमा पर है, ऐसे समय में सभी को मिलकर काम करने की जरुरत है। इसलिए परिवहन विभाग की तरफ से 5 पिंक बसों को एम्बूलैंस की तर्ज पर तैयार किया गया है। इससे कोरोना के संक्रमित मरीजों को सहयोग मिल पाएगा। इन बसों को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के आदेशानुसार प्रयोग किया जाएगा ताकि इन बसों का संक्रमित मरीजों के लिए प्रयोग किया जा सके। कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए एक बस में चार बेड लगाए गए है साथ ही चार ऑक्सीजन सिलिंडर और मरीजों के परिजनों के बैठने के लिए सीटें भी लगाई गई है। सभी बसें रोडवेज की ओर से स्वास्थ्य विभाग को सौंपी जाएंगी।
उन्होंने कहा कि रोड़वेज वर्कशाप कर्मचारियों की ओर से इन सभी बसों को एंबुलेंस की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। वर्कशाप कर्मचारियों की ओर से बस में सभी सीटों को बाहर निकाला गया है और बस में जगह अनुसार मरीजों के लिए चार-चार स्ट्रेचर लगाए गए है। चार बसों में 20 मरीजों को लाने-ले जाने की व्यवस्था होगी। इस बसों में चालक रोडवेज के ही रहेंगे। सभी बसों में चालक और मरीजों का पारटिशन किया गया है। इन बसों को तैयार करने के बाद अच्छे से सैनिटाइज किया जाएगा। इन बसों को तैयार करने में सीआई सतीश कुमार, वर्कशॉप मैनेजर समिंद्र सिंह, स्टोर पर्चेजर शेर सिंह व डीआई कुलदीप सिंह का अहम योगदान है।
पांच बसों में होगी 20 मरीजों की व्यवस्था।
रोडवेज महाप्रबंधक अशोक कुमार मुंजाल ने कहा कि कुरुक्षेत्र डिपो की पांच पिंक बसों को एंबुलेंस की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। पांचों बसों में 20 मरीजों के लिए व्यवस्था होगी। इन बसों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल द्वारा करवाई जाएगी। परिवहन विभाग के प्रधान सचिव शत्रुजीत कपूर और डीजी विरेंद्र सिंह दहिया के मार्गदर्शन में यह कार्य किया जा रहा है।