हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 94161-91877
कुरुक्षेत्र, 25 मई :- आज पूरा मानव समाज कोरोना महामारी से मुक्ति की कामना कर रहा है। मंगलवार को मानव समाज की रक्षा एवं सर्वकल्याण की भावना से मारकण्डा नदी के तट पर श्री मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी के परिसर में स्थित नवग्रह मंदिर में हरिद्वार से आए संत महापुरुषों द्वारा अखिल भारतीय श्री मार्कण्डेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी के सान्निध्य में विधिवत पूजन एवं नवग्रह अनुष्ठान किया गया। इस पूजन में स्वामी लखन पुरी, स्वामी अभिषेक पुरी, दिगंबर मीरा पुरी व अन्य संत शामिल हुए। इस पूजन से पूर्व पवित्र शिवलिंग पर संतों द्वारा महामारी से मुक्ति के लिए रुद्राभिषेक किया गया। महंत जगन्नाथ पुरी ने कहा कि कोरोना महामारी को खत्म करने के लिए यह पूजन एवं अनुष्ठान किया गया है। इस स्थान पर यह आयोजन इसलिए किया है क्योंकि यह नवग्रहों का स्थान है। जब ग्रहों की स्थिति बिगड़ती है, तब सारे संसार की स्थिति अपने आप बिगड़ती है। ग्रहों से हर इंसान का संबंध है। उन्होंने कहाकि इस समय ग्रहों की स्थिति बहुत दयनीय चल रही है। इसी समाधान के लिए महामारी निवारक अनुष्ठान किया गया है। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष सारी दुनिया के बारे में विचार करते हैं। संत हमेशा कल्याण का ही आशीर्वाद देते हैं। महंत जगन्नाथ पुरी ने कोरोना को लेकर सभी को सतर्कता और स्वच्छता बरतने के साथ नियमों का पालन के लिए भी कहा। इस अवसर पर किन्नर वर्ग महंत गुरमीत कौर, स्वामी संतोषानंद, बलजीत गोयत, दलबीर सिंह, भोलानाथ व कुलदीप इत्यादि भी मौजूद थे।
हरिद्वार से आए संतों के साथ महंत जगन्नाथ पुरी।