हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 94161-91877
छाया- उमेश गर्ग।
बड़ी संख्या में महिलाओं ने किया पति की दीर्घ आयु के लिए वट सावित्री पूजन।
वीरवार शाम तक चलेगा वट सावित्री पूजन।
कुरुक्षेत्र, 9 जून : – मारकंडा नदी के तट पर श्री मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में बुधवार को अखिल भारतीय श्री मार्कण्डेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी द्वारा श्रद्धालुओं के साथ वट सावित्री पूजन प्रारम्भ किया गया। यह पूजन दो दिन तक चलेगा। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने अखंड सौभाग्य प्राप्ति के लिए एवं पति की दीर्घ आयु के लिए पूजन किया तथा हवन यज्ञ में आहुतियां डाली। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि ज्येष्ठ अमावस्या का समय बुधवार 9 जून को दोपहर 1.59 बजे प्रारम्भ हुआ है जो 10 जून को शाम 4.30 बजे तक रहेगा। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि सनातन धर्म में वट सावित्री पूजन एवं व्रत का विशेष महत्व है। इस व्रत को हर साल ज्येष्ठ अमावस्या के दिन रखा जाता है। इस साल 10 जून वीरवार को अधिकतर महिलाओं द्वारा वट सावित्री व्रत रखा जा रहा है। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि हिन्दू धर्म में इस व्रत का खास महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि ज्येष्ठ अमावस्या के दिन ही सावित्री ने यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण बचाए थे। इसलिए वट सावित्री व्रत को विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी जीवन के लिए रखती हैं। विवाहित महिलाएं इस व्रत को विधि-विधान के साथ रखती हैं। इसके लिए विशेष पूजा सामग्री का ध्यान रखा जाता है। वैसे तो अमावस्या तिथि ही अपने आप में महत्वपूर्ण तिथि होती है। लेकिन ज्येष्ठ अमावस्या के दिन शनि जयंती भी मनाई जाती है। इसके अलावा इस साल वट सावित्री व्रत के दिन सूर्य ग्रहण भी लग रहा है। हालांकि यह सूर्यग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इस कारण यहां पर इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा। इस अवसर पर स्वामी सीताराम, स्वामी संतोषानंद, स्वामी अनिरुद्ध, प. बाल कृष्ण, मनजीत सिंह, सुक्खा सिंह, श्यामा, रविंद्र कुमार, राम कुमार, बिल्लू पुजारी, हरनेक सिंह, नसीब देवी, कृतिका, निशा तथा बबीता इत्यादि भी मौजूद थे।
महंत जगन्नाथ पुरी पूजन करवाते हुए।