किसान गोष्ठी सम्पन्न: वैज्ञानिकों ने किसानों को दिखाई विकास की राह
मेहनगर आजमगढ़।
खण्ड विकास कार्यालय मेहनगर के परिसर में कृषि विभाग आजमगढ़ द्वारा किसान कल्याण मिशन के तहत आयोजित किसान मेला,गोष्ठी व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर किसानों को सम्बोधित करते हुए वैज्ञानिक डा० नायक ने किसानों को भरपूर पैदावार लेने और कृषि में लागत को कम करने के उपायों पर विस्तृत जानकारी देते हुए कचरा अपघटक ‘बायो डी कम्पोजर’ से किस प्रकार पुआल और अन्य खरपतवारों को अपघटित करके जैविक खाद में परिवर्तित करने के विधियों को विस्तारित किया।
कृषि महाविद्यालय से पधारी डा० आकांक्षा तिवारी ने कृषि में नवीन तकनीक अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रमाणिक बीज और आधारित बीज के बारे में जानकारी देते हुए किसानों से बीज उत्पादन के लिए आह्वान किया । डा० विनीत प्रताप सिंह ने पादप रोग और उनसे बचाव पर चर्चा करते हुए मशरूम की खेती करने और उसकी विधियों पर चर्चा की। डा०विनोद कुमार ने बाल कुपोषण और कृषि में रसायनिक उर्वरकों के प्रयोग और उससे होने वाली हानियों पर चर्चा करते हुए जैविक खाद के प्रयोग पर बल दिया।
गोष्ठी को विशिष्ट अतिथि अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के सदस्य तीजाराम, मुख्य अतिथि मंजू सरोज, भाजपा नेता मंजू सरोज, डा० विनोद कुमार, अरूण सिंह, किसान नेता और सैनिक अम्बिका सिंह, सीडीपीओ निरूपमा वर्मा ने किया। कृषि विभाग आजमगढ़ द्वारा आजमगढ़ जनपद में किसानों के लिए किए जा रहे कार्यो की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें पशुओं से सम्बंधित रोगों और उससे बचाव के उपाय, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, मंडी परिषद् द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाएं, जनपद में किसान उत्पादक संगठन के कार्य और उपलब्धियों के साथ कृषि और किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के सम्बोधन को प्रसारित किया गया। राणा संग्राम सिंह ने बीज और जिप्सम की उपलब्धता की जानकारी दी। गायक मुन्नालाल ने लोकगीत के माध्यम से किसानों के लिए सरकार द्वारा किए जा रही योजनाओं की प्रस्तुति की।
इस अवसर पर लाभान्वित क्षेत्रीय किसानों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी संतोष नारायण गुप्ता और संचालन भूमि संरक्षण अधिकारी संगम मौर्या ने किया।