अजमेर ब्यूरो चीफ सैयद हामिद अली
वैशाली नगर स्थित सागर विहार पाल पर शहरवासी आनासागर झील के किनारे-किनारे लुत्फ उठा रहे हैं और चहल पहल बढ गई है। उल्लेखनीय है कि अजमेर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सागर विहार पाल का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उक्त प्रोजेक्ट संबंधित विभाग को सौंपने के लिए कार्यवाही आरंभ कर दी गई है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 2.47 करोड़ की लागत से सागर विहार पाल का नवीनीकरण एवं सौन्दर्यकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। पाल पर आमजन के प्रवेश हेतु सीढ़ियां एवं रैम्प का निर्माण किया गया है। आमजन की सुविधा हेतु पार्किंग में सामूदायिक शौचालय का निर्माण किया गया है। साथ ही दो स्थान पर वैशाली नगर पेट्रोल पंप के सामने एवं सागरविहार सम्प के पास पार्किंग सुविधा प्रदान की गई है। इस पार्किंग में इन्टरलॉकिंग पेवर ब्लॉक सीसी व कोबल लगाकर पार्किंग विकसित की गई है। पाल पर रोशन का इंतजाम करते हुए लाइटिंग के इंतजाम किए गए है। पाल पर सुबह एवं शाम को स्थानीय लोगों के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्र से भी आजमन यहां पर आ रहे हैं। पाल के किनारे – किनारे विभिन्न किस्मों के पौधे लगाए गए हैं। यहां पर चारों ओर हरियाली ही हरियाली नजर आ रही है। यहां पर घूमने आने वाले लोग अपने आपको प्रकृति के काफी करीब पा रहे हैं। इन्हीं पौधों को गर्मी के मौसम में पानी देने के लिए ट्यूवेल भी लगाया गया है।
बरसात के पानी मिली राहत
वर्तमान में पाल आमजन के उपयोग में आने लगा है। 230 मीटर आरसीसी रिटेनिंग वॉल तैयार की गई है। सागर विहार पाल के निकट सम्प बनाया गया है। इस सम्प में साढ़े तीन लाख लीटर पानी की क्षमता है। उल्लेखनीय है कि बरसात के दौरान सागर विहार कॉलोनी में बरसात का पानी भर जाता है। उसे पम्प करने के लिए 89 एलपीएस क्षमता के दो पम्प स्थाई रूप से लगा दिए गए हैं। वर्तमान में अजमेर विकास प्राधीकरण द्वारा 32 एलपीएस के 3 पम्प लगाए हुए हैं। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। पाल के निकट 70 मीटर लंबाई, 3.5 मीटर चौड़ाई और 1.7 मीटर गहराई का सम्प बनाया गया है। जिसमें बरसाती पानी मिट्टी से छनता हुआ संग्रहित होता रहेगा और इस पानी को बिना किसी बाधा के आनासागर में पम्प किया जा सकेगा।
संबंधित विभागों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
सागर विहार पाल की जिम्मेदारी अजमेर विकास प्रधिकरण एवं नगर निगम को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पंप के रख रखाव की जिम्मेदारी अजमेर विकास प्राधिकरण और शौचालय एवं आस पास क्षेत्र में साफ सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम की होगी।