हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 94161-91877
श्री मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर में हुआ श्री गणेश महोत्सव पर भजनों का गुणगान।
कुरुक्षेत्र, 12 सितम्बर :- मारकण्डा नदी के तट पर श्री मार्कण्डेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में चल रहे श्री गणेश महोत्सव के अवसर पर अखिल भारतीय मार्कण्डेश्वर जन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी के सान्निध्य में यजमान श्रद्धालुओं श्री पाल राणा, प्रमोद मरवाह व उनके परिवार के सदस्यों, नताशा, राधिका, इत्यादि ने विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ देवताओं में प्रथम आराध्य श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष पूजन किया। इसी के साथ श्री गणेश पूजा के उपरांत मंगलकामनाएं करते हुए भजन कीर्तन भी किया गया, जिसमें भक्तगण मंत्रमुग्ध हो उठे। भजन कीर्तन की समाप्ति पर गणेश वंदना तथा आरती भी हुई। श्री गणेश पूजन का महत्व बताते हुए प्रवचनों में महंत जगन्नाथ पुरी ने कहा कि हमें सदा अपने जीवन में सच्चाई के मार्ग पर चलना चाहिए क्योंकि सच्चाई से ही आत्मबल मिलता है। उन्होंने कहाकि मनुष्य में आत्मबल से ही निडरता है, निडरता से दृढ़ता और संकल्प शक्ति और संकल्प से अच्छे कार्य करने की निरंतरता तथा निरंतरता से निश्चित सफलता मिलती है। महंत जगन्नाथ पुरी ने कहा कि आज इंसान पैसे और भोगविलास के पीछे भागता है। परन्तु पैसे तथा भोग विलास के साधनों से जीवन में हर ख़ुशी तथा संतोष को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। इसलिए हमें अपने हृदय को सरलता व वाणी में मधुरता रखनी चाहिए । इस मौके पर स्वामी संतोषानंद, प. देवराज, विनीत गुप्ता, कृष्ण शास्त्री, जयवीर सिंह, नीलम अरोड़ा, नसीब सिंह, सुखा सिंह, महिंद्र कौर, मंजूषा, रजनी तथा अनीता शर्मा इत्यादि भी मौजूद थे।
अखिल भारतीय मार्कण्डेश्वर जन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी से प्रसाद एवं आशीर्वाद ग्रहण करते हुए श्रद्धालु।