देश का संविधान संकट में- मिठाई लाल भारती
मेहनगर आजमगढ़।
समाजवादी पार्टी द्वारा मेहनगर में ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ सम्मेलन का आयोजन किया गया। आगामी
चुनाव के मद्देनजर दलितों की एकजुटता को सुदृढ़ करने और संविधान की रक्षा के लिए यह सम्मेलन आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मिठाई लाल भारती ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश और संविधान संकट के दौर से गुजर रहा है। दलितों को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर द्वारा दिये गये अधिकार बाधित किए जा रहे हैं।
वास्तविक अर्थों में देश में संविधान अभी तक लागू नहीं हुआ है। भाजपा और कांग्रेस दोनों में कोई अन्तर नहीं है। कांग्रेस के इतने लम्बे कार्यकाल में संविधान पूरी तरह से लागू नहीं किया गया और स्थिति भाजपा के शासन काल में भी है। देश में संविधान बचाने की बात मात्र समाजवादी पार्टी कर रही है। देश में संविधान की प्रतियां जलाई गयीं, समाजवादी पार्टी के अलावा किसी ने इसका विरोध नहीं किया। बाबा साहब और कांशीराम के मिशन को अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी ही पूरा कर सकती है। संविधान नहीं बचेगा तो आप भी नहीं बचेगें। माननीय अखिलेश यादव के निर्देश पर पूरे प्रदेश में लोकतंत्र बचाने की मुहिम समाजवादी पार्टी द्वारा चलाई जा रही है।
सम्मेलन को पूर्व विधायक रामजग एडवोकेट ने सम्बोधित करते हुए कहा कि संविधान कितना भी बेहतर हो यदि उसे लागू करने वाले ठीक नहीं है तो देश बरबाद हो जाएगा। सरकारी संस्थाओं रेलवे, पोस्ट आफिस, दूर संचार सब कुछ लुटेरों के हाथों में दिया जा रहा है। देश में अघोषित इमरजेन्सी लागू हो गई है पत्रकारों और अधिवक्ताओं को जेल में डाला जा रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय और कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि समय आ गया है, आप लोग एकजुट होकर इस तानाशाही शासन को उखाड़ फेंके। सम्मेलन वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद दारोगा प्रसाद सरोज, विधायक कल्पनाथ पासवान ने सम्बोधित किया। मुख्य अतिथि ने सम्भावित उम्मीदवार दीपचंद विशारद, रामजग राम, बुधिराम सरोज, श्री प्रकाश नरेन्द्र कन्नौजिया और उन सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया जो क्षेत्र में भाजपा को शिकस्त देने के लिए कमर कस लिया है। सम्मेलन को कमला प्रसाद यादव, विद्या चौधरी, श्रृंगारी गौतम, अजीत कुमार राव आदि प्रमुख लोगों ने भी सम्बोधित किया।
सम्मेलन में वीरेन्द्र यादव, हंसराज यादव, अशोक चौहान, अनिल कुमार वर्मा, रामबदन कन्नौजिया आदि प्रमुख लोगों के साथ समस्त सेक्टर प्रभारी, बूथ अध्यक्ष के साथ भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन दलित प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जगदीश राम और अध्यक्षता सपा के जिला अध्यक्ष हवलदार यादव ने की।