नवमीं के दिन भक्तों का उमड़ा हुजूम माता के दरबार में माथा टेकने को दिखे आतुर
फारबिसगंज (अररिया), अमित ठाकुर
आरएनएन। गुरुवार को शारदीय नवरात्र के सबसे अहम दिन यानी, नवमीं के दिन फारबिसगंज शहर के लोगों ने बड़ी संख्या में अपने-अपने घरों से निकल कर न केवल अपने दुर्गा माता का दीदार किया बल्कि, पूरे निष्ठा भाव से पूजा स्थलों पर पहुंच कर माता की पूजा-अर्चना कर अपने साथ-साथ पूरे परिवार व समाज के लिए सुख-समृद्धि के लिए कामना की। अहले सुबह शहर के लगभग सभी पूजा स्थलों पर माँ के भक्तों का तांता लगा रहा। चारों तरफ सिर्फ माँ दुर्गा के ही गीतो से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। भक्तों ने माता के मंदिरो में पहुंच कर पूजा-अर्चना के बाद आरती, पुष्पांजलि व प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं की भीड़ इस वक्त ज्यादा दिखी। फारबिसगंज शहर में इस बार भी लगभग डेढ़ दर्जन जगहों पर माँ दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गयी है। जिसमें गोदना ठाकुरबाड़ी, हाईस्कूल रोड, गोढिहारे चौक, छुआपट्टी, पुस्तकालय, सुल्तान पोखर, चौहान टोला, मार्केटिंग, अस्पताल रोड, खोखा बाबू गोला, काली मंदिर, शिव मंदिर, रेलवे परिसर आदि पूजा स्थल शामिल है। विभिन्न पूजा समितियों के द्वारा इस दुर्गा पूजा उत्सव को बेहतर करने की होड़ मची है। कई गगनचुम्मी रंग-बिरंगे पंडालों को बनाया गया है। छुआपट्टी के पूजा समिति के द्वारा इस बार भी लगभग 80 फिट ऊंचे पंडाल बनाए गए है। बताया जाता है कि साउथ के एक प्रसिद्ध मंदिर का रूप इस पंडाल को दिया गया है। वही हाईस्कूल रोड में पंडाल को लाल किला का रूप दिया गया है। जबकि सुल्तान पोखर में पंडाल को गुफानुमा, चौहान टोला में पंडाल को इंडोनेशिया के टेंपल का आकार दिया गया है। नवमीं के दिन जैसे ही संध्या पहर की शुरुआत हुई तैसे ही सभी पूजा स्थलों पर माँ दुर्गा के दर्शन हेतु भक्तों का हुजूम उमड़ने लगा और भक्तों का यह हुजूम मध्य रात्रि तक लगातार बढ़ता ही गया। माँ के भक्तों का कारवां एक दूसरे प्रतिमा स्थल पर माथा टेकने हेतु आतुर दिखा। पंडालों की अद्भुत बनावट, रंग-बिरंगे प्रकाश की सजावट, माँ की आकर्षक प्रतिमाओं के बीच चारों और लग रहे माँ के जयकारे मानो यह अहसास दिला रहा हो कि माता साक्षात विराजमान है।
फोटो कैप्शन – फारबिसगंज के गोदना ठाकुरबाड़ी में बनी आकर्षक प्रतिमा।