पूर्वांचल ब्यूरो
जिले में गरीब बेटियों को इंटर तक की आवासीय सुविधा जल्द मिलेगी। इसके लिए चार कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय 11.15 करोड़ से अपग्रेड किए जा रहे हैं। सबकुछ ठीक रहा तो 2022 के अंत तक यहां इंटर तक की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।कार्यदायी संस्था को 50 फीसदी बजट मिलने से भवनों का निर्माण भी आधा पूूर्ण हो चुका है।
सरकार बेटियों को शिक्षित करने के लिए चार विद्यालयों को अपग्रेड कर रही है। जिले में छह कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय चल रहे हैं। इन विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की छात्राओं को शिक्षा दी जाती है।
छात्राएं यहीं विद्यालयों में रहती हैं। अब इन विद्यालयों को उच्चीकृत किए जा रहे हैं। छात्राओं को कक्षा छह से लेकर 12 तक स्कूलों में शिक्षा मिलेगी। छात्राओं की शिक्षा को परवान चढ़ाने के लिए शासन ने ज्ञानपुर, सुरियावां, भदोही में नौ करोड़ 45 लाख जबकि डीघ में एक करोड़ 77 लाख का बजट स्वीकृत किया है।
जिसमें आधा बजट जारी भी कर दिया गया है। जिला समन्वयक बालिका शिक्षा धीरज कुमार ने बताया कि डीघ, भदोही, सुरियावां और ज्ञानपुर में निर्माण कार्य चल रहा है। मार्च-अप्रैल 2022 तक भवनों को पूर्ण कराने की जिम्मेदारी दी गई है। नए सत्र से कक्षाओं के संचालन की उम्मीद जताई जा रही है। इंटर कॉलेज और हॉस्टल बनने पर छात्राएं वहीं रहेंगी और वहीं पढ़ेंगी। बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि पिछले दिनों कार्यदायी संस्था को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। 2022 तक स्कूल संचालन की उम्मीद है।