पूर्वांचल ब्यूरो
मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत कुंडा खुर्द गांव में मंगलवार की रात छत के सहारे विजय यादव के घर में घुस चोरों ने तीस हजार रुपये नकद और दो लाख से अधिक मूल्य के गहने चुरा लिए। सुबह चोरी का पता चलने पर गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर दी।खोजबीन में घर से कुछ दूर पर खेत में खाली बक्सा और अटैची मिली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। खेती किसानी करने वाले विजय यादव उर्फ लालू पक्का मकान बनाकर परिवार वालों के साथ रहता है। घर से सटाकर शौचालय बनाया गया।
मंगलवार की रात विजय यादव परिवार के साथ एक कमरे में सोया था। आधी रात के बाद सीढ़ी लगाकर शौचालय की छत के सहारे घर में घुसे चोरों ने भंडार गृह में रखे रुपये और गहने का बक्सा और अटैची को लेकर भाग निकले। सुबह जागने पर विजय ने अटैची और बक्सा गायब देखा तो भौचक रह गया। विजय के अनुसार बक्सा और अटैची में 30 हजार रुपये नकदी, सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, झुमका, कीमती साड़ियां आदि थे।
बताया कि अटैची और बक्सा जिस कमरे में थे, उसमें दरवाजा नहीं है। इस वजह से चोरी की भनक तक नही लगी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। खोजबीन में कुछ दूरी पर टूटे हाल में बक्सा और अटैची मिला। इस संबंध में सीओ सदर अनिल राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।