फिरोजपुर 29 अक्टूबर {कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता}:-
फिरोजपुर मंडल में 26 अक्टूबर 2021 से 01 नवम्बर 2021 तक “सतर्कता जागरूकता सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज मंडल कार्यालय के सभागार में “पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा और उत्तरदायित्व” विषय पर एक सेमीनार का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उत्तर रेलवे के प्रधान कार्यालय, नयी दिल्ली से आए मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अश्वनी कुमार ने की। उनके साथ सतर्कता विभाग की एक टीम आई थी जिसमें विभिन्न विभागों के सतर्कता अधिकारी थे। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती सीमा शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. उषा किरण, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बी. पी. सिंह तथा अन्य अधिकारी इस सेमीनार में सम्मिलित हुए। श्री अश्वनी कुमार ने रेलवे के कार्यप्रणाली में सुधार एवं पारदर्शिता लाने के उपायों पर विस्तारपुर्वक जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि टेंडर सम्बन्धित सभी कागजातों, बिल तथा फाइलों को भली प्रकार से जाँच करे ताकि अनियमितताओं से बचा जा सके। उन्होंने अनेक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विस्तारपूर्वक बताया कि प्रायः किस तरह की अनियमिततायें रेलवे में होती है और इसे किस प्रकार दूर किया जा सकता हैं। उन्होंने अधिकारियों की समस्यायों को सुना और उन्हें मार्गदर्शन भी किया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बी. पी. सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रधान कार्यालय से आई टीम को बताया कि मंडल द्वारा रेलवे की कार्य प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए इसकी सभी कार्य प्रणालियों को ऑनलाइन किया गया है। मंडल में पूर्णतः ई-ऑफिस, ई-नीलामी, ई-निविदाओं, ई-खरीद आदि का कार्य लागू किया जा चुका है। फिरोजपुर मंडल में पूर्णतः डिजिटलीकरण होने के कारण सभी शिकायतें बिना किसी देरी के दर्ज हो रही हैं और तत्परता से उनका निवारण किया जा रहा है।