दो दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिलने से हड़कंप
कोंच। दो दिन पहले घर से निकले युवक का शव संदिग्ध अवस्था में कुएं में उतराता मिला। शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कुएं से निकलवाया। मामला महेशपुरा रोड स्थित ईदगाह के मैदान का है।
परिजनों ने बताया कि 22 बर्षीय शेरखान पुत्र मुन्ना कुरैशी निवासी आराजी लेन 27 अक्टूबर की सुबह अचानक कहीं निकल गया था। जब काफी समय तक वह घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन शुरू हो गई लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना कोतवाली पुलिस को भी दे दी थी। शुक्रवार की सुबह ईदगाह के मैदान में बने कुएं में शव पड़ा देख हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई। एसएसआई आनंद कुमार सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकलवा कर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने बताया है कि उनकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। मृतक बीमार रहता था, हो सकता है कि अवसाद की स्थिति में उसने यह कदम उठाया हो।