देहरादून। कांग्रेस ने प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ काली पट्टी बांधकर धरना दिया और उपवास भी रखा। कार्यकर्त्ता हल्द्वानी में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के कांग्रेस में शामिल होने के उपलक्ष्य में रैली की अनुमति नहीं मिलने पर नाराज हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार को घेरा। कहा, सरकार ने जानबूझकर आज प्रस्तावित रैली को अनुमति नहीं दी।
प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने 12 बजे से एक बजे यानी एक घंटे का उपवास रखा। उपवास के बाद गणेश गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला। कहा कि सरकार ने जानबूझकर के 10 नवंबर को प्रस्तावित संकल्प रैली को आयोजित करने की अनुमति नहीं दी और आज ही हल्द्वानी में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आयोजित कर दिया। यह लोकतंत्र में तानाशाही है।
उन्होंने कहा, जब कांग्रेस ने रैली में आने वाले वाहनों की संख्या से लेकर सभी जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध करवा दी थी तो फिर रैली करवाने की अनुमति किन कारणों से नहीं दी गई। गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा के इस तानाशाह रवैये के प्रदेश की जनता जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि यशपाल आर्य के कांग्रेस में वापस आने से बीजेपी डरी हुई है। पूरे कुमांऊ मंडल में आमजन में बीजेपी को लेकर जनता में भारी आक्रोश है। कांग्रेस की रैली में भीड़ न जुटे इसलिए बीजेपी और सरकार ने कांग्रेस को रैली की अनुमति नहीं दी और खुद उसी समय व उसी दिन मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आयोजित कर दिया।