केंद्रीय टीम ने सदर अस्पताल में उपलब्ध प्रसव संबंधी सेवाओं का लिया जायजा
-सीमित संसाधन व मानव बल की कमी के बावजूद बेहतर सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास सराहनीय
अररिया संवाददाता
राष्ट्रीय मानकों के आधार पर सदर अस्पताल में प्रसव संबंधी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। प्रसव संबंधी सेवाओं की बेहतरी के लिये लक्ष्य प्रमाणीकरण को महत्वपूर्ण माना गया है। बिहार सरकार के राज्यस्तरीय क्वालिटी एश्योरेंस टीम द्वारा सदर अस्पताल को लक्ष्य प्रमाणीकरण पूर्व में प्राप्त हो चुका है। केंद्रीय स्तर पर प्रमाणीकरण हासिल करने का प्रयास जारी है। इसी क्रम में बुधवार को दो सदस्यीय केंद्रीय टीम ने अस्पताल में उपलब्ध प्रसव संबंधी सेवाओं का निरीक्षण किया। सिविल सर्जन डॉ एमपी गुप्ता की अगुआई में स्वास्थ्य अधिकारियों ने केंद्रीय टीम का स्वागत किया। मौके पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने लक्ष्य प्रमाणीकरण को लेकर विभागीय स्तर पर अब तक किये गये प्रयासों को केंद्रीय टीम के समक्ष रखा।
उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल में मरीजों का काफी दबाव है। पीएचसी स्तर पर सेवा उपलब्ध होने के बावजूद लोग प्रसव संबंधी सेवाओं के लिये सदर अस्पताल पर भरोसा करते हैं। एक माह में औसतन 1550 डिलीवरी अस्पताल में होते हैं। इतना ही नहीं देर रात 49 डिलीवरी के मामले सुलझाये जा रहे हैं। संसाधन की कमी, मानव बल का अभाव सहित परिस्थिति जन्य चुनौतियों से निपटते हुए हमारे कर्मी प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाने के प्रयास में लगे हैं। कर्मियों की सेवा व समर्पण का यही भाव हमें लक्ष्य प्रमाणीकरण के योग्य बनाता है। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ राजेश कुमार, सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ राजेंद्र कुमार, डीआईओ डॉ मोईज, लेबर रूम के प्रभारी डॉ जीतेंद्र प्रसाद, डीएएम सनोज कुमार, डीटीओएफ केयर डोली कुमारी, अस्पताल प्रबंधक विकास आनंद, केयर इंडिया की मास्टर ट्रेनर ज्योती कुमारी, बीएम नीतीश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।