जांजगीर-चांपा, 15 दिसंबर, 2021/ अध्यक्ष अपेक्स बैंक श्री बैजनाथ चन्द्राकर ने आज सारागांव धान उपार्जन केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। श्री चन्द्राकर ने धान बेचने आये किसानों से चर्चा कर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ने बताया कि धान खरीदी में बारदाने को लेकर किसी भी प्रकार की कोई समस्या नही है। किसान स्वयं के बारदानों में भी धान बेच सकते है। इसका ऑनलाइन एण्ट्री भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पुराना बारदानें के लिए 25 रुपये प्रति बारदाना तय किया गया है। राज्य सरकार के आदेश के अनुसार प्रति बारदाना 25 रूपए की दर से किसानों के खाते में भुगतान किया जाएगा।
श्री चन्द्राकर ने धान खरीदी से संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्धारित अनुपात में केन्द्र के तौल क्षमता के अनुसार टोकन जारी करें। खरीदे गये धान का उठाव भी निरंतर जारी रहे यह सुनिश्चित किया जाय। ताकि आने वाले धान के लिए समुचित स्थान उपलब्ध रहे। निरीक्षण के दौरान अपैक्स बैंक के उप महाप्रबंधक श्री भूपेश चंद्रवंशी, प्रबंधक श्री ए के लहरे, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के नोडल अधिकारी श्री अश्वनी पाण्डेय सहित धान खरीदी से संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।