हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877
प्रतियोगिता 18 दिसम्बर से 22 दिसम्बर 2021तक।
कुरुक्षेत्र, 18 दिसम्बर :- कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत् उत्तर क्षेत्रीय अन्तर विश्वविद्यालय महिला वॉलीबाल चैम्पियनशिप 2021-22 का आगाज 18 दिसम्बर से होने जा रहा है। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित होंगे। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी महिला वॉलीबाल टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में जीवन अनुशासन, संयम, लगन, धैर्य तथा मानसिक एवं शारीरिक ऊर्जा का नवसंचार होता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान राजनीति तथा खेल हर क्षेत्र में आगे है। कुवि कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने भी महिला वॉलीबाल टीमों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी।
कुवि के कार्यवाहक खेल निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को उत्तर क्षेत्रीय अन्तर विश्वविद्यालय महिला वॉलीबाल चैम्पियनशिप 2021-22 का उत्तरदायित्व मिला है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता सुबह 10 बजे शुरू होगी। केयू स्पोर्टस काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. नितिन सहगल ने बताया कि उत्तर क्षेत्रीय अन्तर विश्वविद्यालय महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पूरी तरह तैयार है।