इत्रनगरी से नरेन्द्र मोदी ने जनता से मांगा जीत का आर्शीवाद

  • ✍️कन्नौज। प्रशांत कुमार त्रिवेदी
    राष्ट्रहित व देश के सर्वांगीण विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार जरूरी है और जनता भी अपना मन बना चुकी है, विपक्षी भी जान लें कि उत्तर प्रदेश में आएगी भाजपा ही। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इत्रनगरी से उक्त संदेश देते हुए जनता को शत प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक किया और यूपी में दोबारा भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।
    इत्रनगरी में चैथी बार आए प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने शुक्रवार को जहां विकास व राष्ट्रवाद के सहारे जनता से विधानसभा चुनाव में सहयोग मांगा वही उन्होने विपक्षी दलों पर भी खूब निशाना साधा। मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान से एक और बात साफ की है कि दो दिन से घोर परिवारवादियों को सपने दिखना बंद हो गए हैं। पता है क्यों, इसलिए कि उनकी नींद हराम हो गई है। वो लोग सोच रहे थे कि जातिवाद और संप्रदायवाद फैलाकर वोटों को बांट देंगे। लेकिन, मुझे खुशी है कि यूपी के लोग माफियावादियों और दंगावादियों के खिलाफ एकजुट होकर वोट कर रहे हैं। ये एकजुटता ही दंगावाद से मुक्ति के पक्ष में है, ये एकजुटता कानून व्यवस्था के पक्ष में है, ये एकजुटता महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के पक्ष में है। मोदी ने कहा कि लोकतंत्र की व्याख्या करते हुए विश्व में एक बात कही जाती है- गर्वंमेंट ऑफ दा पीपुल, बाय दा पीपुल और फॉर दा पीपुल यानी जनता का जनता के लिए और जनता द्वारा शासन। हमारी देश की घोर परिवावादी पार्टियों ने लोकतंत्र के मंत्र को ही बदल दिया। ये लोग क्या कहते हैं- उनका सूत्र क्या है- परिवार का, परिवार के लिए और परिवार द्वारा शासन, गर्वंमेंट ऑफ दा फैमिली, बाय दा फैमिली फॉर दा फैमिली। इसलिए यूपी के लोगों ने फिर ठान लिया है कि अपने परिवार के स्वार्थ में काम करने वाले लोग अब उत्तर प्रदेश में नहीं चाहिये। यूपी के लोगों को तो पब्लिक की सेवा करने वाले लोग चाहिये, परिवार की सेवा करने वाले नहीं। उन्होने कहा कि पूरा यूपी जानता है कि आएगी तो भाजपा ही आएंगे तो योगी ही, पहले चरण के चुनाव ने ये पक्का कर दिया है। बस अब मुकाबला इस बात का है कि भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी वो पहले से कितनी ज्यादा सीटें लेकर बनेगी इसका मुकाबला चल रहा है। इस मुकाबले में आगे निकलना है तो भाजपा के समर्थकों के लिए एक एक वोट की अहमियत है, योगी जी आज जो फ्रंट फुट पर मोर्चा संभाले हैं उसके पीछे आपके एक एक वोट की ताकत है और आपके समर्थन की ताकत है। हमे मिलकर इस ताकत को और बढ़ाना है।
    उत्तर प्रदेश में नहीं होते दंगे, कानून व्यवस्था हुई मजबूत—-
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी हमे कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी है, यूपी जिस तरह से योगी जी की सरकार ने दंगों को रोका है, उसे हमे स्थायी स्वरूप देना है। दोबारा ऐसी हरकतों को उत्तर प्रदेश में पनपने नहीं देना है। कहा, सिर्फ विकास की बातें करने से विश्वास नहीं आता है लेकिन जब नीयत साफ होती है, मेहनत दिन रात होती है, जनता के सुख दुख की चिंता होती है, तभी सामान्य मानवीय के मन में विश्वास पैदा होता है। लेकिन, जिनकी राजनीतिक बुनियाद अपराध, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार पर टिकी हो वो कभी सुधर नहीं सकते हैं। आप देखिए कैसे कैसे उम्मीदवारों को टिकट दिया है, इनके ज्यादातर उम्मीदवार हिस्ट्रीशीटर हैं और उनकी तो हालत ऐसी है कि कई लोग तो जेल से ही चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब गुजरात में भी ऐसी ही स्थिति थी। कांग्रेस के वर्षों के शासन ने ऐसी स्थितियां बना दी थीं कि न व्यापार फलता फूलता था और न लोग सुरक्षित रहते थे। हर साल अनेक दंगे होते थे, हर रोज खबरें आती थीं कि यहां दंगा हो गया वहां दंगा हो गया। अहमदाबाद में जगन्नाथ जी की यात्रा निकलती है, बीजेपी सरकार आने से पहले वहां बात बात पर दंगा हो जाता था। पतंग चलाने पर दंगा, रास्ते पर आते जाते दंगा यानि हर छोटी बात पर दंगे होते थे। दंगे की वजह से कर्फ्यू लगता था, संपत्ति जलती थी, लोगों को मकान खाली करके भागना पड़ता था। इसके बाद खाली मकानों को सस्ते में खरीदकर उस इलाके की पहचान भी बदल दी जाती थी। इसी प्रकार के दुष्चक्र में गुजरात लंबे अर्से से फंसा हुआ था फिर जनता ने जब बीजेपी को मौका दिया तब स्थितियां बदलना शुरू हो गईं। हमने सबसे बड़ी प्राथमिकता कानून व्यवस्था को दी, कानून के राज को दी। इसका ही नतीजा है कि पिछले दो दशकों से गुजरात में कोई बड़ा दंगा नहीं हुआ है। अब वहां हर वर्ग, हर संप्रदाय के लोग अपने विकास गुजरात के विकास और देश के विकास में जुटे हुए हैं। सभी के प्रयासों से गुजरात भी किस तरह विकास की नई ऊंचाईयों को छू रहा है।
    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सेना शुक्रवार को माॅं अन्नपूर्णा मंदिर मैदान में एमआइ-17 हेलीकाप्टर से जनसभा स्थल पर बने हैलीपैड पर उतरे। यहां से कार द्वारा वह जनसभा पंडाल तक पहुंचेंगे और फिर मंच पर गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कन्नौज, औरैया, फर्रूखाबाद व इटावा जिले के विधानसभा उम्मीदवारों के समर्थन में वोट की अपील की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, सांसद सुब्रत पाठक, सांसद रामशंकर कठेरिया, सांसद मुकेश राजूपत, राज्यसभा संासद गीता शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत समेत 10 विधानसभा सीटों के भाजपा उम्मीदवार मौजूद रहे।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जालौन:बी एल ओ डोर टू डोर पहुंचाएंगे मत पर्चियां

Sat Feb 12 , 2022
कोंच(जालौन)विधान सभा चुनाव 2022 के लिए निर्वाचन अधिकारियों ने कमर कस ली है और तहसील कोंच के 219 माधौगढ़ विधान सभा व 221 उरई विधान सभा के मतदाताओं को मतदाता पर्चियां उपलब्ध कराने के लिए बी एल ओ को जिम्मेदारी सौंप दी है जिसमें माधौगढ़ विधान सभा मे 236 बी […]

You May Like

advertisement