सपा सदर प्रत्याशी व विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने किया नामांकन
आजमगढ़।सदर विधानसभा के सपा विधायक एवं प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। मीडिया से रूबरू होते हुए दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि अबकी बार झूठ बनाम विकास के मुद्दे पर चुनाव होगा, जनता विकास को चुनते हुए भाजपा को करारा जवाब देगी। सपा गठबन्धन इस बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनायेगा और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
उन्होंने जनपद की दसों सीटों को जीतने का दावा करते हुए कहा कि आजमगढ़ समाजवादियों का गढ़ है यहां पर किसी अन्य पार्टी की बोहनी भी नहीं होगी। उन्होंने सपा सरकार में किये गये विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि आजमगढ़ में मेडिकल कालेज, चीनी मिल, कृषि विश्वविद्यालय, कलेक्ट्री कचहरी, रोडवेज, हवाईपट्टी सहित तमाम विकास के कार्य सपा सरकार में किये गये। भाजपा बताये कि पांच साल की सरकार में आजमगढ़ में कौन सा विकास का कार्य किया गया। उन्होंने कहाकि जनता इस बार फिर अपने बहुमूल्य मतों से हमें विजयी बनायेगी।