हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877
कुवि के एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रो. दिनेश सिंह राणा को मिला हरियाणा राज्य का सर्वश्रेष्ठ एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक का पुरस्कार।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने दी बधाई।
कुरुक्षेत्र, 11 मार्च : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि स्वयंसेवक समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वे न केवल लोगों को जागरूक कर रहें हैं बल्कि सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी कर एक सच्चे स्वयंसेवक की भूमिका का निर्वाह कर रहे हैं। वे शुक्रवार को कुवि के एनएसएस प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रो. दिनेश राणा को हरियाणा राज्य के सर्वश्रेष्ठ एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक तथा छात्र दीपक सिंह को सर्वश्रेष्ठ स्वयं सेवक का पुरस्कार मिलने पर बधाई देते हुए बोल रहे थे। इस मौके पर कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा ने प्रो. दिनेश सिंह राणा व स्वयं सेवक दीपक सिंह को बधाई दी।
कुलपति ने सभी स्वयंसेवकों से आह्वान किया है कि वे संकट में अपनी सामाजिक जिम्मेवारी को निभाएं व प्रशासन का सहयोग करें। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के स्वयंसेवकों ने हमेशा ही अच्छा कार्य किया है।
प्रो. दिनेश राणा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना में राष्ट्र एवं सेवा का बहुत बड़ा महत्व है। जाति, पंथ, संप्रदाय एवं क्षेत्र विशेष की सीमा से परे जाकर सब की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषियों की परंपरा प्राणी मात्र के कल्याण में सुरक्षित है।
एनएसएस का उद्देश्य भी जल में, थल में और गगन में समाज को शांति के प्रति जागरूक व संवेदनशील करना है। उन्होंने इस पुरस्कार का श्रेय कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा का आभार प्रकट करते हुए कहा कि कोरोना काल में भी कुलपति के मार्गदर्शन में स्वयं सेवकों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन पूरी लगन व मेहनत के साथ किया।
गौरतलब है कि 9 मार्च को चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय एनएसएस सम्मान समारोह आयोजित किया गया था जिसमें राज्य स्तरीय एनएसएस पुरस्कार हेतु चयनित एनएसएस कार्यक्रम समन्वयकों, कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयं सेवकों को सम्मानित किया गया था। इस सम्मान समारोह में हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री कंवर पाल मुख्यातिथि, चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बीर आर कम्बोज, कुवि कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा, राज्य स्तरीय एनएसएस के नोडल अधिकारी डॉ. भगत सिंह व भारत सरकार के एनएसएस कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी भी मौजूद थे।
शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक प्रो. दिनेश सिंह राणा को हरियाणा राज्य के सर्वश्रेष्ठ एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस पुरस्कार में प्रो. दिनेश राणा को 51 हजार रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र व एक स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय एनएसएस प्रोग्राम के लिए ट्रॉफी प्रदान की गई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के छात्र दीपक सिंह को सर्वश्रेष्ठ स्वयं सेवक का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस पुरस्कार में 21 हजार रुपये नकद, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।